दशहरे पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आईपीएल जैसी 40 मिनट की आतिशबाजी, धरणीधर में सजेगा 90 फीट का रावण
दशहरे पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आईपीएल जैसी 40 मिनट की आतिशबाजी, धरणीधर में सजेगा 90 फीट का रावण

बीकानेर में विजयादशमी पर भव्य रावण दहन की तैयारियां पूरी


बीकानेर, 20 अक्टूबर। इस बार विजय दशमी (दशहरे) पर बीकानेर में भव्य आयोजनों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के मुख्य कार्यक्रमों में डॉ. करणी सिंह स्टेडियम और धरणीधर स्टेडियम के आयोजन प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होने वाले मुख्य रावण दहन कार्यक्रम में आईपीएल की तर्ज पर 40 मिनट तक विशेष इलेक्ट्रिक आतिशबाजी की जाएगी, जिससे स्टेडियम का आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा।



बीकानेर दशहरा कमेटी के सचिव वीरेंद्र चावला ने बताया कि स्टेडियम में रावण का 85 फीट तथा मेघनाद और कुंभकरण के 75-75 फीट ऊंचे पुतले बनाए गए हैं। इन पुतलों को तैयार करने में उत्तरप्रदेश के बागपत से आए कारीगर सलीम का परिवार पिछले सवा महीने से जुटा हुआ है। सलीम पिछले 25 वर्षों से बीकानेर में रावण के पुतले बनाते आ रहे हैं। वहीं, धरणीधर स्टेडियम में 90 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में पिछले 10 वर्षों से जयप्रकाश व्यास रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जो सुबह से झांकी और शाम को मैदान में नजर आएंगे। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर मैदान में 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है तथा केवल समिति सदस्यों को ही मैदान में प्रवेश दिया जाएगा।

