बीकानेर में ‘आम आदमी पार्टी’ का शक्ति प्रदर्शन, मोहन सिंह राठौड़ बने कार्यकारी जिलाध्यक्ष

बीकानेर में 'आम आदमी पार्टी' का शक्ति प्रदर्शन, मोहन सिंह राठौड़ बने कार्यकारी जिलाध्यक्ष
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025

बीकानेर, 16 फरवरी। राजस्थान में आगामी पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीकानेर में अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को पार्टी के नए कार्यालय के उद्घाटन और कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि ‘आप’ आगामी चुनावों में पूरी मजबूती और दमखम के साथ मैदान में उतरेगी। इस अवसर पर संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मोहन सिंह राठौड़ को बीकानेर का कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब राजस्थान में केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि एक मजबूत सांगठनिक शक्ति बन चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में पार्टी प्रत्येक सीट पर अपने सशक्त और ईमानदार उम्मीदवार उतारेगी। सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘बूथ स्तर’ तक संगठन को सक्रिय करें और दिल्ली व पंजाब के ‘विकास मॉडल’ को जन-जन तक पहुँचाएं।

pop ronak

ईमानदार चेहरों पर दांव: “जनता की समस्याओं के लिए करेंगे संघर्ष”
पार्टी की सचिव कीर्ति पाठक ने चुनावी रणनीति साझा करते हुए कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस उन क्षेत्रों पर होगा जहाँ जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ भी मजबूत और स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशी मिलेंगे, वहां पार्टी अपनी पूरी ताकत झोंक देगी। वहीं, संभाग प्रभारी राजवीर माली ने संगठन की नीतियों को आमजन तक पहुँचाने की अपील की।

नवनियुक्त कार्यकारी जिलाध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “बीकानेर जिले में संगठन को नई ऊर्जा देना मेरी प्राथमिकता होगी। हम केवल चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेंगे।”

जोश और नारों से गूँजा कार्यालय: कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन फीता काटकर किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और पार्टी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

प्रमुख उपस्थिति: सम्मेलन में प्रोफेसर सलवीर समेजा, राजेश, संजयपाल, उदय सिंह राठौड़, भरत सिंह, सलमान जुनेजा, समीर कोहरी, वाजिद कोहरी और अहमद खान सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को गांव-ढाणी तक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *