

बेंगलुरु, 27 नवम्बर । आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री आकाश कुमार जी ठाणा-2 का राजराजेश्वरी नगर में सफल चातुर्मास संपन्न होने के पश्चात 25 नवंबर को मंगल विहार हुआ। इस अवसर पर मुनिश्री ने राजराजेश्वरी नगर स्थित तेरापंथ सभा भवन में श्रावक-श्राविकाओं को संबोधित करते हुए ‘परदेसी राजा’ के प्रसंग पर विशेष प्रवचन दिया और कहा कि शरीर नश्वर है जबकि आत्मा शाश्वत है। उन्होंने भगवान महावीर के समय केशी कुमार श्रमण द्वारा राजा परदेसी को शरीर व आत्मा की भिन्नता का बोध कराकर नास्तिकता से आस्तिकता व आध्यात्मिकता की ओर प्रेरित करने का दृष्टांत साझा किया, जिससे श्रद्धालुओं को आत्मा के शाश्वत स्वरूप पर चिंतन की प्रेरणा मिली।


तेरापंथ सभा के अध्यक्ष कमल सिंह दूगड़ ने श्रावक समाज की ओर से मंगल भावना व्यक्त करते हुए कहा कि चातुर्मास के दौरान मुनिश्री के सान्निध्य, प्रवचनों व मार्गदर्शन से समाज में धर्म, संस्कार और आत्मचिंतन की भावना जागृत हुई है। उन्होंने चातुर्मास अवधि में सेवा, व्यवस्था या व्यवहार में हुई किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए समाज की ओर से क्षमायाचना की तथा आगामी विहार के मंगलमय व निर्विघ्न होने की कामना की।



मुनिश्री आकाश कुमार जी ने प्रातः 7:51 बजे तेरापंथ सभा भवन से मंगल विहार कर मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के पास श्री रामलाल बोथरा के निवास स्थान पर मंगल पदार्पण किया। मंगल विहार के दौरान राजराजेश्वरी नगर का श्रावक समाज बड़ी संख्या में श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ मौजूद रहा और श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के दर्शन व विहार का लाभ लेकर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

