बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर सरकारी समाचार


- राजकीय डूंगर महाविद्यालय में आयोजित हुई जिला स्तरीय ‘विकसित युवा भारत संसद-2026’
- राज्य स्तर के लिए पांच विद्यार्थियों का हुआ चयन माई युवा भारत की ओर से हुआ आयोजन
बीकानेर, 26 फरवरी। माई युवा भारत एवं राजकीय डूंगर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को प्रताप सभागार में ‘विकसित भारत युवा संसद-2026’ का आयोजन हुआ। इसमें 24 विद्यार्थियों ने ‘आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक’ विषय पर अपने विचार रखे। इसमें ऐश्वर्या अरोड़ा, कनिष्का शेखावत, प्रियंका, दीपशिखा शेखावत और गजराज कंवर ने पहले पांच स्थानों पर कब्जा जमाया। दो सत्रों में आयोजित समारोह के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र के निदेशक अनिल पूनिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि स्कूल और काॅलेज विद्यार्थियों के लिए ऐसे आयोजन आगे बढ़ने के अवसर होते हैं। बच्चे इनमें पूरे मनोयोग से भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं के प्रति समझ पैदा करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। अध्यक्षता करते हुए रोटरी क्लब के पूर्व प्रांतपाल राजेश चूरा ने कहा कि दुनिया के सबसे सशक्त लोकतांत्रिक देश का नागरिक होना हमारे लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यही बच्चे आने वाले समय में लोकतंत्र के विभिन्न स्तम्भों का नेतृत्व करेंगे। जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने राज्य सरकार द्वारा युवा कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. राजेन्द्र पुरोहित ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद, युवाओ को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का सशक्त मंच है। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्कित अभिव्यक्ति, संवैधानिक मूल्यों की समझ एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर विमर्श की भावना विकसित होती है। माई युवा भारत की जिला कार्यक्रम प्रभारी रुबी पाल ने बताया कि जिले से पांच विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में युवाओं ने अपनी बात रखी। इस सत्र में निर्णायक के रूप में पूर्व प्राचार्य डाॅ. इंद्र सिंह राजपुरोहित, कॅरियर काउंसलर डाॅ. चंद्र शेखर श्रीमाली, डाॅ. महिपाल सिंह, डाॅ. बबीता जैन और हरि शंकर आचार्य मौजूद रहे। अतिथियों ने सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डाॅ. घनश्याम बीठू ने स्वागत उद्बोधन दिया। डाॅ. पूजा कस्वां ने आभार जताया तथा कार्यक्रम का संचालन डाॅ. रामनिवास बिश्नोई ने किया। इस दौरान डाॅ. नरेन्द्र नाथ, डॉ. प्रकाश गर्ग, डाॅ. श्याम सुंदर ज्याणी, माई युवा भारत के मनोहर सिंह भाटी, प्रेमरतन कुमावत, राजूराम सहित राजकीय डूंगर महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
======
पीबीएम अस्पताल से प्राप्त अज्ञात शिशु को भव्य स्वागत के साथ शिशु गृह में दिया प्रवेश


बीकानेर, 26 फरवरी। बाल अधिकारिता विभाग के अधीन संचालित राजकीय शिशु गृह में गुरुवार को पीबीएम अस्पताल से प्राप्त अज्ञात शिशु बालक को भव्य स्वागत के साथ प्रवेश दिया गया।


यह अज्ञात शिशु बालक (रजिस्ट्रेशन संख्या 2159) 15 फरवरी से पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन था। अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा शिशु को पूर्णतः स्वस्थ घोषित किए जाने के पश्चात बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार गुरुवार को उसे राजकीय बालिका गृह के अधीन संचालित राजकीय शिशु गृह में प्रवेश दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव और अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती माण्डवी राजवी ने शिशु को तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर उसका स्वागत किया तथा हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में शिशु गृह में प्रवेश दिलाया।
इस अवसर पर राजकीय बालिका गृह अधीक्षक श्रीमती सुशीला देवी, छात्रावास अधीक्षक द्वितीय श्रीमती चंदा वाल्मीकि, मैनेजर/कोऑर्डिनेटर श्रीमती चेतना पारीक, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती मोनिका चौधरी, ए.एन.एम. श्रीमती अर्चना देगावा, सहायक कर्मचारी श्रीमती साहिना बानो एवं कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीमती आशा खत्री उपस्थित रहे।
======
कृषि पर्यटन से बढ़ेगी किसानों की आय
दक्षिण एशिया के मंच पर चमका बस्सी व लुनकरनसर का कृषि मॉडल
एग्रो टूरिज्म बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बढेंगे रोजगार के अवसर-जोशी
बीकानेर, 26 फरवरी। नर्ई दिल्ली में आयोजित साउथ एशिया ट्रेवल एंड ट्यूरिज़्म एक्सचेंज कार्यक्रम में कृषि विभाग ने भागीदारी के साथ ही जयपुर बस्सी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा बीकानेर लुनकरनसर में स्थित जैतून फ़ार्म व रिफाइनरी पर एग्रो-टूरिज्म की संभावनाओं को बढ़ावा देने एवं नए सहयोग अवसरों की विस्तृत शुरुआत की।
बस्सी व लूनकरनसर सेंटर बनेगा आकर्षण का केंद्र
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) खण्ड बीकानेर बीकानेर एव मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आरओसीएल त्रिलोक कमार जोशी एवं लेखा प्रतिनिधि राकेश मौर्य द्वारा देश विदेश के पर्यटन विशेषज्ञों, निवेशकों एवं ट्रैवल एजेंसियों के प्रतिभागियों के साथ संवाद कर बस्सी जयपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एवं जैतून फार्म के साथ-साथ लुनकरनसर फ़ार्म व जिला बीकानेर को भी एग्रो टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए नए सहयोगियों की तलाश की।
एग्रो-टूरिज्म मॉडल प्रस्तुत किया
एग्रो-टूरिज्म मॉडल का उद्देश्य पर्यटकों को विभिन्न प्रकार की सब्जियों, फलों, फूलो की संरक्षित एंव खुली खेती एवं ऑलिव, उत्पादन प्रक्रिया व उन्नत तकनीकों का अनुभव कराया जाएगा। साथ ही ग्रामीण जीवनशैली से रूबरू कराने की योजना है।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पहल से किसानों की आय में वृद्धि, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसरों का सृजन तथा
कृषि क्षेत्र को पर्यटन से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। जोशी ने बताया कि SATTE-2026 में भागीदारी से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश एवं सहयोग के नए अवसर खुलने की उम्मीद है, जिससे राज्य के किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा व एग्रो टूरिज्म बढ़ेंगा।
========
नवीनीकृत कचहरी उप डाकघर का केन्द्रीय कानून मंत्री मेघवाल ने किया लोकार्पण
जिले के मुख्य डाकघर में बनेगी फिलेटली वॉल- अर्जुन राम मेघवाल, केन्द्रीय कानून मंत्री
‘’जिले की महान हस्तियों और ऐतिहासिक स्थलों पर जारी हुए डाक टिकटों को किया जाएगा प्रदर्शित’’
”सूडसर उप डाकघर बंद नहीं होगा,वहां यह डाकघर बरकरार रहेगा”
बीकानेर, 26 फरवरी। नवीनीकृत कचहरी उप डाकघर का केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को कचहरी परिसर में लोकार्पण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री ने सुकन्या समृद्धि योजना लाभार्थी करीब एक दर्जन कन्याओं को योजना से संबंधित डाक खातों का वितरण भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मेघवाल ने कहा कि कचहरी उप डाकघर के नवीनीकरण की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी। इसके नवीनीकरण से लोगों को डाकघर की विभिन्न सुविधाएं कचहरी परिसर में ही मिलती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि बदलते वक्त में लोगों को लगा कि डाकघर की आवश्यकता रहेगी या नहीं। लेकिन 2014 में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ना केवल पोस्ट ऑफिस बल्कि दूरदर्शन और आकाशवाणी का भी सुदृढीकरण किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पोस्ट ऑफिस बंद नहीं करना हैं बल्कि उन्हें और मजबूत करना है। पोस्ट ऑफिस अब ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक का काम करेंगे।
जिले के मुख्य डाकघर में बनेगी फिलेटली वॉल
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मेघवाल ने मुख्य डाकघर में फिलेटली वॉल बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्य डाकघर में ऐसी वॉल बने जहां जिले की कला, साहित्य समेत विभिन्न क्षेत्रों की महान हस्तियों और जिले के ऐतिहासिक स्थलों को लेकर अब तक जारी हुए डाक टिकटों का ब्रोशर के साथ प्रदर्शन हो। साथ ही उन्होंने कहा कि सूडसर में उप डाकघर बंद नहीं होगा। वहां यह डाकघर बरकरार रहेगा।
इससे पूर्व समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक डाक सेवाएं, राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र जोधपुर कर्नल सतीश सोलंकी ने बताया कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के अंतर्गत स्वीकृत 15 लाख की राशि से डाकघर भवन का उन्नयन, आधुनिक काउंटर व्यवस्था, व्यवस्थित प्रतीक्षालय, उन्नत विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का प्रावधान सुनिश्चित किया गया है, जिससे नागरिकों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित वातावरण में सेवाएं प्राप्त होंगी। साथ ही डाकघर की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
डॉ सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि कचहरी डाकघर अत्यंत जर्जर अवस्था में था बावजूद इसके कर्मचारी यहां काम कर रहे थे। केन्द्रीय कानून मंत्री को इसकी जानकारी देने पर उन्होंने तत्काल सांसद निधि से 15 लाख रुपए मंजूर कर दिए। कार्यक्रम में मंच संचालन कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी श्री संजय पुरोहित ने किया।
लोकार्पण समारोह में बीकानेर डाक विभाग अधीक्षक अजय कुमार चुघ, डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, बार संघ अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, बार संघ पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विवेक शर्मा, पूर्व महापौर नारायण चौपड़ा, पूर्व उप महापौर राजेन्द्र पंवार, एडवोकेट अशोक प्रजापत, एडवोकेट अशोक भाटी, सोहन प्रजापत, संपत पारीक, महावीर चारण, कौशल शर्मा, श्रीमती सुनीता हटीला, अग्रेज सिंह समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
==========
अनियमितताएं पाए जाने तीन मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलंबित
बीकानेर, 26 फरवरी। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर तीन मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलम्बित किए गए है।
अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि पटेल नगर स्थित वर्मा मेडिकोज का अनुज्ञापत्र 27 फरवरी से 2 मार्च तक 4 दिनों के लिए, लाल गुफा छीपों का मोहल्ला स्थित रिलीफ मेडिकल एंड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 27 फरवरी से 3 मार्च तक 5 दिनों के लिए, केसर देसर जाटान स्थित महादेव मेडिकल एंड जनरल स्टोर का अनुज्ञापत्र 27 फरवरी से 6 मार्च तक 8 दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं।
=======
तहसील स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समितियां प्रदेशभर में गठित, नियमानुसार आयोजित हो रही बैठकें – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री
जयपुर, 26 फ़रवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की उचित मूल्य दुकानों के आवंटन हेतु राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत तहसील स्तर पर खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समितियों का गठन अगस्त 2024 में किया जा चुका है। इन समितियों की बैठकें नियमानुसार एवं समयबद्ध रूप से आयोजित की जा रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री ज़ाकिर हुसैन गेसावत द्वारा इस संबंध में पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
श्री गोदारा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समितियों की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता हेतु बैठक की सूचना जनप्रतिनिधियों तक समयबद्ध पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाएगा।
======
11 राशन डीलरों के विरुद्ध विधिक कारवाई प्रक्रियाधीन – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री
जयपुर, 26 फरवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 11 उचित मूल्य की दुकानदारों के विरुद्ध वसूली कारवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि उक्त प्रकरणों में पीडीआर एक्ट के तहत राशन डीलरों के विरुद्ध राशि वसूलने हेतु प्रकरण तैयार कर ज़िला कलेक्टर को भिजवाए जाने की कारवाई प्रक्रियाधीन है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक जसवंत सिंह गुर्जर द्वारा इस संबंध में पूछे गए प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में अटैचमेंट पर चल रही उचित मूल्य दुकानों की रिक्तियां घोषित कर विज्ञप्ति जारी करने के उपरांत 720 दुकानों का आवंटन किया जा चुका है। जल्दी ही अटैचमेंट पर चल रही शेष उचित मूल्य दुकानों की भी आवंटन प्रक्रिया संपन्न करवा ली जाएगी।
========
मंडी समितियों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने के लिए 50 करोड़ का कॉर्पस फण्ड गठित – खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री
जयपुर, 26 फरवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि भीनमाल समेत प्रदेश की अन्य कमजोर वित्तीय हालत वाली कृषि उपज मण्डी समितियों में आधारभूत सरंचना मजबूत करने के लिए 50 करोड़ रूपये का कॉर्पस फण्ड बनाया गया है। वर्ष 2025 में निदेशालय स्तर पर गठित फंड में 30 करोड़ रूपये जमा हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति, भीनमाल में किसानों की कृषि जिन्स रखने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है किन्तु वर्षा ऋतु में व्यापारियों द्वारा खरीद के बाद सड़क पर रखे गए माल के भीगने की संभावना रहती है। इस समस्या के निराकरण के लिए कॉर्पस फंड से 1 करोड़ 37 लाख रूपये की लागत से नाले का निर्माण करवाया जाएगा।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक समरजीत सिंह द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का कृषि विपणन मंत्री की तरफ से जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि उपज मण्डी समिति, भीनमाल के मण्डी क्षेत्र में वर्ष 2010 से पूर्व निर्मित सभी सड़कें राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा मरम्मत एवं रख-रखाव के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को हस्तान्तरित की जा चुकी है। 31 दिसम्बर, 2014 एवं 18 मार्च, 2020 की विभागीय सड़क नीति के प्रावधानानुसार मण्डी समितियों से सम्पर्क सड़क (मिसिंग लिंक) निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त होने पर समिति की बचत के अनुसार गुणावगुण के आधार पर स्वीकृत की जाती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने पहली बार इन नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। पूर्व में मंडी समिति की सकल आय का 24 प्रतिशत केवल मिसिंग सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृत किया जाता था लेकिन अब संशोधित प्रावधानों के अनुसार इस 24 प्रतिशत में से 19 प्रतिशत राशि नवीन सडकों के निर्माण एवं शेष 5 प्रतिशत राशि 2014 के बाद बनी सड़कों के मरम्मत एवं रख रखाव के लिए व्यय की जा रही है।
इससे पहले विधायक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने बताया कि वर्ष 2010 के पश्चात राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा किसी भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है एवं कृषि उपज मण्डी समिति, भीनमाल से नवीन सम्पर्क सडकों के निर्माण के लिए प्रस्ताव प्राप्त नही हुआ है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में भीनमाल मण्डी यार्ड में 39 दुकान मय गोदाम, 4 सामान्य गोदाम, 3 कवर्ड प्लेटफॉर्म निर्मित हैं।
========
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ‘युवा साथियों के नाम पाती’ का राजकीय डूंगर महाविद्यालय से वितरण की हुई शुरुआत
बीकानेर, 26 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की ‘युवा साथियों के नाम पाती’ का वितरण गुरुवार को शुरू हुआ।
राजकीय डूंगर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि मुख्यमंत्री की पाती युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें राज्य निर्माण में सहभागी बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपने साकार करने को प्रतिबद्ध है। सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध करवाए गए हैं।
जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक हरि शंकर आचार्य ने राज्य सरकार द्वारा गत सवा दो वर्ष में युवाओं के लिए किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। पहली बार सालभर में होने वाली एक लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। वहीं 1.54 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रगतिरत है। निजी क्षेत्र में दो लाख से अधिक रोजगार अवसर सृजित किए गए हैं। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को बेरोजगारी भत्ता एवं कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि युवाओं के नाम लिखी गई यह पाती कॉलेजों, रोजगार विभागों, पुस्तकालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से व्यापक रूप से वितरित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवा मुख्यमंत्री के संदेश से अवगत हो सकें।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों और महिलाओं के नाम भी पाती लिखकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई है। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा इनके वितरण के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।
========
हदाँ ग्राम पंचायत होगी टीबी और तम्बाकू मुक्त
बीकानेर, 26 फरवरी। आयुर्वेद विभाग की ओर से चलाए जा रहे आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत टीबी और तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत करने के लिए हदाँ ग्राम पंचायत द्वारा विशेष ग्राम सभा का आयोजन गुरुवार को किया गया।
इसके तहत हदाँ ग्राम पंचायत को टीबी और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
शिक्षण संस्थानों का तंबाकू मुक्त होना जरूरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने कहा कि स्वस्थ पीढ़ी तैयार करने के लिए शिक्षण संस्थानों का तंबाकू मुक्त होना और नियमित स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित करना अनिवार्य है।
ग्राम पंचायत स्तर में होंगे जन-जागरूकता कार्यक्रम
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सीएस मोदी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मुक्त ग्राम पंचायत को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखकर एक जन-आंदोलन में बदलना है। डॉ. मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि समाज से टीबी से जुड़ी गलत धारणाओं और डर को खत्म करने के लिए युवाओं की रचनात्मक सोच सबसे सशक्त माध्यम है।
डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट से डॉ सुधांश खत्री ने कहा कि टीबी के प्रति डर और भेदभाव को केवल सही जानकारी और संवाद से ही मिटाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि पोस्टर प्रतियोगिता, सोशल मीडिया रील्स और डिजिटल कहानियों के माध्यम से सफल उपचार की गाथाएं लोगों तक पहुंचाई जाएं।
कार्यक्रम में ब्लॉक कोलायत टीबी वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक लक्ष्मीकांत छंगाणी ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत विद्यालय में टीबी के बारे में वीडियो के माध्यम से जानकारी देकर जागरूक किया और निश्चय पौषण योजना और डीबीटी योजना के बारे में बताया ।
हदाँ औषधालय प्रभारी डॉ दुर्गाप्रसाद मौर्य ने बताया कि आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के जरिए स्वास्थ्य में सुधार करके ग्रामीण क्षेत्र में आमजन का आहार विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या, प्रकृति परीक्षण, तंबाकू मुक्त, टीबी मुक्त आदि 18 प्रकार का स्वास्थ्य सूचकांकों के माध्यम से समाज को निरोगी बनाना है। 18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर शत प्रतिशत प्राप्ति होने पर ग्राम पंचायत को 11 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस अवसर पर रा.उ.मा.विद्यालय और महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय हदाँ से 100 से अधिक बच्चों और अध्यापक लक्ष्मणसिंह, अमित, विक्रम विश्नोई और ग्रामीणों ने टीबी मुक्त और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी ने संकल्प लिया कि वे इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर टीबी मुक्त और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के लक्ष्य को सिद्ध करेंगे।
कार्यक्रम में कोलायत ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील जैन, हदाँ सीएचसी प्रभारी डॉ भरत ओझा व डॉ ऐश्वर्या,आयुर्वेद नर्स किरण रेगर , एसटीएलएस राजेश कुमार रंगा,सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राकेश , लालचंद,योग प्रशिक्षक गिरधारी लाल व आशा दुर्गा देवी और उर्मिला आदि उपस्थित रहे।
=======
केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने राजस्थान ग्रामीण बैंक की दो नवीन शाखाओं का किया उद्घाटन
बीकानेर, 26 फरवरी। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को राजस्थान ग्रामीण बैंक की जिले की दो नई शाखाओं सोवा एवं वैशालीपुरम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश भर में बैंकिंग सेवाएं सशक्त हुई हैं। आज आम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधा सुलभ हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान ग्रामीण बैंक की दो नई शाखाएं खुलने से ग्रामीणों के लिए यह सुविधाएं सुलभ होंगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक नवीन साहू ने बताया कि इन नई शाखाओं की शुरुआत के साथ बैंक की कुल 1602 शाखाएं हो गई हैं, जिनसे आमजन को बैंकिंग सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।
इस दौरान नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर. रवि बाबू भी मौजूद रहे। बैंक के अध्यक्ष श्री मुकेश भारतीय वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समारोह से जुड़े।
इस अवसर पर बैंक द्वारा प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत 4.50 करोड़ रुपए के ऋण वितरण किए गए। साथ ही पशुपालन क्षेत्र को प्रोत्साहन प्रदान करने हेतु 51 ऋण प्रकरणों में कुल 1.02 करोड रुपए की राशि वितरित की गई।
इस दौरान बैंक के महाप्रबंधक श्री योगेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिमन्यु चारण सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
=======
केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान में शुष्क बागवानी पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ
पश्चिमी राजस्थान की विषम परिस्थितियों में भी किसान बागवानी फसलों की उन्नत तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकते हैं- डॉ एस.के.सिंह, उप-महानिदेशक (बागवानी), आईसीएआर
राष्ट्रीय सम्मेलन में बागवानी फसलों को व्यावसायिक रूप में अपनाने पर ज़ोर
बीकानेर, 26 फरवरी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के अंतर्गत केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान में तीन दिवसीय (26 से 28 फरवरी, 2026) शुष्क बागवानी पर ”जैव-विविधता और जलवायु अनुकूलनशीलता द्वारा टिकाऊ भविष्य का सृजन” विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप-महानिदेशक (बागवानी), डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान की विषम परिस्थितियों में भी किसान बागवानी फसलों की उन्नत तकनीक अपनाकर शुष्क क्षेत्रीय बागवानी फसलों (फल एवं सब्जियों) से उत्पादन बढ़ा सकते है। उन्होने कार्यक्रम के दौरान बागवानी फसलों के अलावा औषधीय एवं मसाला फसलों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होने बागवानी फसलों को व्यावसायिक रूप में अपनाने पर ज़ोर दिया एवं सीड विलेज कांसेप्ट, क्लीन प्लांट प्रोग्राम, कृषि रोड मैप एवं विकसित कृषि अभियान कार्यक्रम पर विस्तार से बताया।
इससे पूर्व कार्यक्रम के शुभारंभ में केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान निदेशक डॉ. जगदीश राणे ने मेहमानों एवं गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में विस्तार बताया।उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, बीकानेर एवं भारतीय शुष्क बागवानी समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहायक महानिदेशक डॉ. वी.बी. पटेल, ने बागवानी फसलों विशेषकर काचरी, काकड़िया, खजूर, खेजड़ी एवं अन्य फसलों के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि किसान उन्नत तकनीकियाँ अपना कर अच्छा लाभ ले सकते है। इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के विशिष्ट अधिकारी डॉ प्रदीप कुमार के राष्ट्रीय बागवानी मिशन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं विशेषकर पोली हाउस एवं क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्रम के बारे में विस्तार पूर्वक बताया।
नाबार्ड एजीएम. रमेश तांबिया ने नाबार्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, स्टार्ट-अप, एवं क्लसर प्रोजेक्ट पर विस्तार से बताया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के भूतपूर्व निदेशक डॉ. पी. एल. सरोज ने संस्थान द्वारा विकसित शुष्क क्षेत्रों के फल एवं सब्जियों की तीन दशक की यात्रा के दौरान विकसित उन्नत फल एवं सब्जियों की तकनीक के बारे में विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में आयोजन सचिव डॉ. एम.के. जाटव एवं डॉ. ए.के. सिंह ने इस तीन दिवसीय विभिन्न सत्रों की रूपरेखा के बारे में बताया एवं सभी मेहमानों एवं आगंतुकों को आभार एवं धन्यवाद जताया।
=======
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे शनिवार को आएंगे मूलवास-सीलवा
सारुंडा में विद्यालय के नवनिर्मित भवन का करेंगे लोकार्पण
बीकानेर, 26 फरवरी। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे शनिवार दोपहर 3.05 बजे वायु मार्ग से मूलवास-सीलवा पहुंचेंगे। श्री बागडे यहां आयोजित विराट हिंदू धर्म सभा में शिरकत करेंगे। यहां से हवाई मार्ग से सारुंडा जाएंगे तथा सायं 4.35 बजे वीरादेवी रामचंद्र झंवर ललिता आदर्श विद्या मंदिर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। यहां से वायु मार्ग द्वारा नाल एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे तथा नाल से सायं 6.05 बजे जयपुर के लिए रवाना होंगे।
=============
