बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार



- महिला दिवस पर ‘अस्मिता लीग’ दौड़ प्रतियोगिता, बालिकाओं ने निभाई भागीदारी
बीकानेर, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत केंद्र और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम से ‘अस्मिता लीग’ के तहत दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पॉलिटेक्निक कॉलेज के खेल प्रभारी शंकरलाल प्रजापत उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, माई युवा भारत की जिला प्रभारी रूबी पाल, बास्केटबॉल कोच नरेंद्र कंसवा और डॉ. कृष्णा आचार्य मौजूद रहे।


प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों—13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक—में आयोजित की गईं, जिनमें 100, 200 और 400 मीटर दौड़ करवाई गई। प्रतियोगिता में महिला एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सीनियर वर्ग में भी अच्छा उत्साह देखने को मिला। मंजू गुलगुलिया ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पैरा खिलाड़ी देवेंद्र गहलोत, गजानंद शर्मा तथा खेल परिषद के कोचों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
========
कुसुम देवी डागा की स्मृति में 18वां निःशुल्क घुटना दर्द निवारण शिविर आयोजित, 450 मरीजों को मिला लाभ
ऐसे आयोजन मानवता की सेवा की सच्ची मिसाल: विधायक जेठानंद व्यास
शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की प्रेरक परंपरा का उदाहरण: कुलगुरु डॉ गर्ग
बीकानेर, 8 मार्च। समाजसेवी स्व. कुसुम देवी डागा की स्मृति में मुक्ति संस्था के तत्वावधान में रविवार को नत्थूसर बास स्थित ब्रह्म बगीचा परिसर में 18वें निःशुल्क घुटना दर्द निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में घुटना पीड़ित मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान करीब 450 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क नी-बेल्ट प्रदान किए गए तथा आवश्यक उपचार किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि समाज में सेवा भाव से किए जा रहे ऐसे आयोजन मानवता की सच्ची मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने वाले ऐसे प्रयास समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने की। उन्होंने कहा कि कुसुम देवी डागा की स्मृति में निरंतर 18 वर्षों से आयोजित हो रहा यह शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की प्रेरक परंपरा का उदाहरण है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा भावना को मजबूत करते हैं। संस्था अध्यक्ष हीरालाल हर्ष ने कहा कि कुसुम देवी डागा ने जीवनभर महिलाओं के उत्थान और समाज सेवा के लिए संघर्ष किया। उनकी स्मृति में शुरू किया गया यह शिविर आज सैकड़ों जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बन चुका है।
वाणिज्य कर अधिकारी रामलाल पडिहार ने कहा कि समाज में प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। ऐसे सेवा कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं। जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरि शंकर आचार्य ने कहा कि समाजसेवी कुसुम देवी डागा की स्मृति में आयोजित यह शिविर सेवा और संवेदना का प्रेरक उदाहरण है तथा ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
पूर्व पार्षद शिवकुमार रंगा ने संस्था द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर 18 वर्षों से शिविर का आयोजन समाज सेवा की सशक्त मिसाल है। इस अवसर पर वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे चिकित्सकों डॉ. हेमंत व्यास, डॉ. भारती पुरोहित, डॉ. आस्था अग्रवाल और डॉ. रजा हसन भाटी का सम्मान भी किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
राजाराम स्वर्णकार ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें उन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राजेंद्र जोशी ने बताया कि अब तक आयोजित 18 शिविरों में 6 हजार से अधिक घुटना रोग पीड़ितों का उपचार किया जा चुका है। उन्होंने कुसुम देवी डागा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शिक्षाविद ओमप्रकाश सारस्वत, सखा संगम के अध्यक्ष एनडी रंगा, सत्यनारायण सिंगोदिया, डॉ. फारुख चौहान, हजारी देवड़ा, डॉ. अजय जोशी, शिवकुमार शर्मा, डॉ. बी.एम. खत्री, डॉ. गौरीशंकर प्रजापत, सुरेश मोदी, मोहनलाल आचार्य, विजय जोशी, महेश उपाध्याय, बजरंग सारस्वत, अशफ़ाक कादरी, बिन्दु प्रसाद रंगा, मुरलीमनोहर पुरोहित, शक्ति रतन रंगा और जुगल किशोर पुरोहित सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में संस्था पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
=====
केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया
बीकानेर, 8 मार्च। आईसीएआर–केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान (CIAH) में “गिव टू गेन: कृषि एवं विज्ञान में महिलाओं का सशक्तिकरण” विषय के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् तथा आईसीएआर गीत के साथ किया गया।कार्यक्रम की आयोजक डॉ. अनीता मीना ने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों, महिला कृषकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. जगदीश राणे ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़कर सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कृषि एवं विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है और उनके योगदान से कृषि क्षेत्र में नवाचार तथा विकास को नई दिशा मिल रही है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। डॉ. (श्रीमती) ज्योत्सना शर्मा, कंसल्टेंट, जेआईएसएल, जलगांव एवं पूर्व प्रधान वैज्ञानिक (पादप रोग विज्ञान), आईसीएआर–राष्ट्रीय अनार अनुसंधान केंद्र, सोलापुर ने कृषि एवं अनुसंधान के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका और उनके बढ़ते योगदान पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान और कृषि नवाचार में महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।
इसी क्रम में डॉ. कनक लता, प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) पंचमहल, गुजरात ने अर्ध-शुष्क एवं शुष्क क्षेत्रों में बागवानी आधारित उद्यमिता के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि यदि महिलाओं को बागवानी, प्रसंस्करण एवं विपणन से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाएं तो वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम की आयोजक डॉ. अनीता मीना ने टीएसपी (जनजातीय उपयोजना) क्षेत्र की महिला कृषकों के सशक्तिकरण के लिए संस्थान द्वारा विकसित तकनीकों के प्रसार एवं उनके उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से महिला किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों को भी अपनाने में सक्षम हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों और प्रतिभागियों को विभिन्न तकनीकी विषयों पर भी जानकारी दी गई। इसमें खजूर की फसल की कटाई उपरांत प्रबंधन, पॉलीहाउस में सब्जी उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन तथा अल्प-प्रयुक्त फल फसलों के पोषण महत्व जैसे विषय प्रमुख रहे। वैज्ञानिकों ने इन तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कुल 48 प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने कृषि एवं विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
========
- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रवीन्द्र रंगमंच पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व साथिन को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना से किया सम्मानित
- यशोदा पुरस्कार से 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 10 सहायिकाओं को किया सम्मानित
- महिला स्वयं सहायता समूह की 24 महिलाओं को किया लैपटॉप का वितरण
बीकानेर, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को रविन्द्र रंगमंच पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं समाज की वह धुरी हैं, जिनके सशक्त होने से ही समाज प्रगति और देश विकास करता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता का आह्वान करते हुए आधी आबादी की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर नीतियों का निर्माण किया है।
उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं को सुनिश्चित कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, साथिनों और सहायिका के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी से महिलाओं के सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति का प्रत्येक दिन विशेष होता है। उन्होंने कहा कि माताएं ही बच्चों में ऐसे संस्कारों का संचार करती हैं जिससे परिवार की नींव मजबूत होती है। शिक्षित और सशक्त मातृशक्ति पूरे समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाती है।
जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से निरंतर आगे बढ़ते रहने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व साथिन को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना से किया सम्मानित
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मनोज कंवर, आंगनवाड़ी सहायिका मीनू सुथार तथा साथिन विनोद बिश्नोई को 11,000 रुपये की पुरस्कार राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं इसी पुरस्कार के अंतर्गत संस्थागत सम्मान के रूप में उरमूल सेतु संस्था को 7,500 रुपये की पुरस्कार राशि, मोमेंटो और दुशाला प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यशोदा पुरस्कार से 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 10 सहायिकाओं को किया सम्मानित
अतिथियों ने यशोदा पुरस्कार के अंतर्गत 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं श्रीमती परवीन पठान, श्रीमती भंवरी देवी, कमला देवी, सुमन पारीक, चंद्रकला, गीता देवी, सीता, सीमा देवी, राजबाला, सरोज को 5100-5100 रुपए और 10 सहायिकाओं कंचन, रेखा, केसरबाई, पूजा, संतोष मेघवाल, अंबिका देवी, कौशल्या, सरबती, टाकू देवी, माया देवी को 2100-2100 रुपए देकर सम्मानित किया गया।
महिला स्वयं सहायता समूह की 24 महिलाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए प्रचेता श्रीमती विजयलक्ष्मी जोशी को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कोलायत के महिला सुरक्षा सलाह केंद्र की लीगल काउंसलर विजय लक्ष्मी को बाल विवाह शून्यीकरण के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं के लिए आयोजित रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को विभागीय योजनाओं से संबंधित डायरी, पेन स्टैंड,फोल्डर, कप आदि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. रंजीत राम कासनिया ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, बचाव तथा 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे निशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान की जानकारी दी। डॉ. नवल गुप्ता ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मां वाउचर योजना, मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, निशुल्क दवा योजना तथा निशुल्क सेनेटरी नैपकिन योजना जैसी राज्य सरकार की महिलाओं से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
पीसीपीएनडीटी समन्वयक श्री महेंद्र सिंह चारण ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994, मुखबिर योजना तथा इसके तहत किए गए डिकॉय ऑपरेशन की जानकारी देते हुए कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध समाज से सहयोग की अपील की। महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर एडीएम सिटी श्री रमेश देव, सीएमएचओ डॉ. पुखराज, राजीविका डीपीएम श्री दिनेश मिश्रा, आईसीडीएस उपनिदेशक श्री सुभाष बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैंकड़ों महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में मंच संचालन सफल संचालन ज्योति प्रकाश रंगा द्वारा किया गया।
========
विधिक माप विज्ञान विभाग की कार्रवाई, पैक्ड खाद्य वस्तुओं की जांच
बीकानेर, 8 मार्च। विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा व्यापारिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित देसाई ब्रदर्स लिमिटेड इकाई का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पैक की जा रही नमकीन भुजिया पैकेटों की जांच की गई। विभागीय टीम ने पैकेटों के वजन, लेबलिंग तथा आवश्यक घोषणाओं की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान पैकेटों का वजन इलेक्ट्रॉनिक मशीन से तौलकर भी देखा गया।
निरीक्षण में पाया गया कि पैक किए गए उत्पादों का वजन तथा पैक संबंधी जानकारी निर्धारित मानकों के अनुरूप थी। यह कार्रवाई विधिक माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया के निर्देशन में की गई। उन्होंने बताया कि विभाग समय-समय पर बाजार में पैक्ड वस्तुओं की जांच करता है, जिससे उपभोक्ताओं को सही मात्रा और सही जानकारी के साथ उत्पाद मिल सकें।
========
बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न, 76.83 प्रतिशत छात्राएं रही उपस्थित
बीकानेर, 8 मार्च। पंजीयक, शिक्षा विभागीय परीक्षाएं द्वारा आयोजित बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा 2026 रविवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा प्रातः 11 बजे से दोपहर 1बजे तक आयोजित की गई।
पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस परीक्षा के लिए कुल 12 हजार 779 छात्राएं पंजीकृत थीं, जिनमें से 9 हजार 819 छात्राएं परीक्षा में उपस्थित हुईं, जबकि 2 हजार 952 छात्राएं अनुपस्थित रहीं। इस प्रकार परीक्षा में 76.83 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा संचालन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया गया।
=========
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘संडे ऑन साइकिल’ का 16वां संस्करण आयोजित
बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी
बीकानेर, 8 मार्च। भारत सरकार की फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बीकानेर में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का 16वां संस्करण उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
जिला साइकिलिंग संघ के सचिव सुरेन्द्र कुकणा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में किरण बाला एवं वृंदा राठौड़ द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। जो महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय तक किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष उत्साह प्रदान किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट दयालाराम, राष्ट्रीय मेडलिस्ट मंजू चौधरी, पुष्पा चौधरी, रिंकू बिश्नोई, पूजा बिश्नोई, रवीना बिश्नोई, आईना, मुन्नीराम गोदारा, जेठाराम गाट, नरेंद्र कस्वां, हेमचंद बिश्नोई, अजय जावा, जगजीत बावा, धर्माराम, बस्तीराम डूडी तथा पेरा साइक्लिस्ट प्रवीण सहित अनेक युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
