अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला; हादसे में कुल तीन की मौत
अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला; हादसे में कुल तीन की मौत



बीकानेर,16 अप्रैल। बीकानेर के नोखा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर पलट गई और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हृदयविदारक घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई।


स्कूल का सामान खरीदकर लौट रहे थे घर


मिली जानकारी के अनुसार, नागौर जिले के श्रीबालाजी निवासी श्रवणराम (39) अपने 15 वर्षीय बेटे मुकेश को स्कूल की नई कॉपियां और किताबें दिलाने के लिए नोखा आए थे। खरीदारी के बाद दोनों पिता-पुत्र खुशी-खुशी बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बूंदरों की ढाणी के पास स्थित रामरख सहारण पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और सीधे श्रवणराम की बाइक पर जा गिरी।
मौके पर ही दम तोड़ा, किताबें सड़क पर बिखरीं
हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और श्रवणराम व उनके बेटे मुकेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर मासूम मुकेश का स्कूल बैग और नई कॉपी-किताबें बिखरी मिलीं, जिन्हें देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
स्कॉर्पियो सवार युवक की भी मौत
हादसे के समय स्कॉर्पियो में सवार जांगलू निवासी कुशाल (39) गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल नोखा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। यहाँ इलाज के दौरान कुशाल ने भी दम तोड़ दिया। स्कॉर्पियो के ड्राइवर को भी चोटें आई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
नोखा थाना के ASI राजूराम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों और स्कॉर्पियो की गति की जांच कर रही है।
