बीकानेर स्थापना दिवस पर अमरचंद बांठिया और बीरबल राम जीनगर की मूर्तियों की स्थापना
बीकानेर स्थापना दिवस पर अमरचंद बांठिया और बीरबल राम जीनगर की मूर्तियों की स्थापना


वीर शहीदों का नमन , डॉ. मुखर्जी स्मृति मंदिर में मूर्तियों की स्थापना


बीकानेर, 19 अप्रैल । बीकानेर नगर स्थापना दिवस के गौरवमयी अवसर पर मेडिकल कॉलेज चौराहा स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति मंदिर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वाधीनता संग्राम के अमर नायकों, शहीद अमरचंद बांठिया और शहीद बीरबल राम जीनगर की मूर्तियों की स्थापना कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


वरिष्ठ साहित्यकार धर्मचंद जैन का सम्मान
कार्यक्रम की अध्यक्षता ओमप्रकाश सोनगरा ने की, जबकि वेटरनरी कॉलेज के सेवानिवृत्त डीन डॉ. जे.एस. मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान ‘अमरचंद बांठिया स्मृति उपन्यास’ के लेखक एवं वरिष्ठ समाजसेवी धर्मचंद जैन का बांठिया परिवार (सुमतीलाल, संतोष व दिलीप बांठिया) द्वारा बीकानेरी साफा, शॉल और श्रीफल भेंट कर विशेष अभिनंदन किया गया। साथ ही, वंदे मातरम टीम के विजय कोचर को भी उनकी सेवाभावी सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया।
इतिहास के पन्नों से: राजस्थान के मंगल पांडे और जननायक बीरबल
मंदिर समिति के अध्यक्ष ओम सोनगरा ने शहीदों के बलिदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि
अमरचंद बांठिया (1793-1858): बीकानेर की माटी में जन्मे बांठिया जी को ‘1857 की क्रांति का भामाशाह’ कहा जाता है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई और तांतया टोपे की आर्थिक मदद की, जिसके कारण अंग्रेजों ने उन्हें और उनके परिवार को अमानवीय यातनाएं देकर शहीद कर दिया था।
बीरबल राम जीनगर: रायसिंहनगर में जन्मे बीरबल राम जीनगर ने सामंती शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई और प्रजा परिषद के सक्रिय नेता के रूप में जीवनपर्यंत सामाजिक व स्वतंत्रता आंदोलन में संघर्ष किया।
जनसुविधाओं का विस्तार और भविष्य की योजना
स्मृति न्यास के संतोष बांठिया ने घोषणा की कि जनसेवा हेतु इस स्थल पर सुमतीलाल और दिलीप बांठिया की ओर से 20 कुर्सियाँ और ठंडे पानी की मशीन लगाई जाएगी। वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके पूर्ण होने के पश्चात दोनों प्रतिमाओं का विधिवत संयुक्त अनावरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में वंदे मातरम टीम के राष्ट्रीय संयोजक विजय कोचर, जिला संयोजक मुकेश जोशी सहित बांठिया परिवार के अनेक सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
