जिला उद्योग संघ ने केंद्रीय मंत्रियों को लिखा पत्र-उड़ान योजना के तहत बीकानेर को आवंटित हवाई सेवाओं के शीघ्र संचालन की मांग

जिला उद्योग संघ ने केंद्रीय मंत्रियों को लिखा पत्र-उड़ान योजना के तहत बीकानेर को आवंटित हवाई सेवाओं के शीघ्र संचालन की मांग
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
  • 3 वर्ष बीतने के बाद भी स्पाइसजेट नहीं शुरू कर पाया बीकानेर-सूरत और बीकानेर-मुंबई हवाई सेवा
  • बीकानेर जिला उद्योग संघ की दो टूक: अगर स्पाइसजेट असमर्थ है, तो किसी अन्य एयरलाइंस को सौंपा जाए यह रूट

बीकानेर, 2 जून। क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS-UDAN 5.0) के तहत बीकानेर को आवंटित बीकानेर–सूरत और बीकानेर–मुंबई हवाई सेवाओं के संचालन में हो रही अत्यधिक देरी को लेकर स्थानीय व्यापारिक जगत में भारी आक्रोश है। इस महत्वपूर्ण हवाई सेवा को शीघ्र शुरू करवाने के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू एवं केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को पत्र भिजवाकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

तीन साल बाद भी ‘लेटर ऑफ अवार्ड’ सिर्फ कागजों में

pop ronak

केंद्रीय मंत्रियों को सौंपे गए ज्ञापन में उद्योग संघ ने तकनीकी और प्रशासनिक तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि बीकानेर–सूरत और बीकानेर–मुंबई हवाई मार्ग को ‘उड़ान 5.0’ योजना के अंतर्गत निजी विमानन कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) को आवंटित किया गया था। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा जारी ‘लेटर ऑफ अवार्ड’ दिनांक 25 जुलाई 2023 के Annexure-A में यह मार्ग रूट नंबर 51 (सूरत–बीकानेर) के रूप में स्पष्ट रूप से दर्ज है। लेकिन अत्यंत खेद का विषय है कि आवंटन के लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी स्पाइसजेट द्वारा इस मार्ग पर अब तक उड़ान सेवा प्रारंभ नहीं की गई है, जिससे बीकानेर संभाग के नागरिक इस बेहद जरूरी कनेक्टिविटी से वंचित हैं।

व्यापार, चिकित्सा और शिक्षा के लिए मुंबई-सूरत रूट अत्यंत जरूरी
बीकानेर जिला उद्योग संघ के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की भौगोलिक और व्यापारिक महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि बीकानेर क्षेत्र लंबे समय से उस स्तर की हवाई सेवाओं से वंचित रहा है, जिसका लाभ यहां की जनसंख्या, बड़ी व्यापारिक संभावनाओं और पर्यटन को मिलना चाहिए।

बीकानेर–मुंबई मार्ग: मुंबई देश की आर्थिक राजधानी होने के साथ-साथ व्यापार, उच्च चिकित्सा, शिक्षा एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र है। इस मार्ग के प्रारंभ होने से बीकानेर के प्रवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और गंभीर मरीजों को अत्यधिक लाभ मिलेगा।

बीकानेर–सूरत मार्ग: कपड़ा और हीरा व्यापार का गढ़ होने के कारण सूरत से बीकानेर का गहरा व्यापारिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आवागमन रहता है। इस मार्ग पर यात्रियों की पर्याप्त और निरंतर मांग (पैसेंजर लोड) उपलब्ध है।

स्पाइसजेट असमर्थ तो बदले एयरलाइंस: उद्योग संघ
संघ के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से दो टूक शब्दों में मांग की है कि यदि स्पाइसजेट कंपनी तकनीकी या वित्तीय कारणों से इस रूट पर हवाई सेवा देने में पूरी तरह असमर्थ साबित हो रही है, तो उनके आवंटन को निरस्त कर किसी अन्य सक्षम और सक्रिय एयरलाइन (जैसे इंडिगो या एलायंस एयर) को यह रूट तुरंत सौंप दिया जाए।

इस मांग पत्र को भेजने में बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के साथ उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा, सचिव वीरेंद्र किराडू, कोषाध्यक्ष पारस डागा तथा सह सचिव श्यामसुन्दर सोनी सहित बीकानेर के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों से आग्रह किया है कि वे इस जनहित और व्यापार हित के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्तर पर त्वरित आदेश जारी करवाएं।

sesumo school
sjps