जयपुर में दर्दनाक हादसा, हरमाड़ा में 14वीं मंजिल से कूदकर 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने किया सुसाइड, फ्लैट में थीं अकेली
जयपुर में दर्दनाक हादसा, हरमाड़ा में 14वीं मंजिल से कूदकर 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने किया सुसाइड


- सनसिटी के जयविलास अपार्टमेंट की घटना; बीमारी और कम दिखने के कारण बेटी-दामाद बाहर से लॉक कर गए थे फ्लैट – तड़के 5 बजे बालकनी से लगाई छलांग, गंभीर बीमारी और शारीरिक दिक्कतों के चलते मानसिक रूप से थीं परेशान
जयपुर/बीकानेर, 4 जून । राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना इलाके से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां सनसिटी स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल से कूदकर 82 साल की एक बुजुर्ग महिला ने आत्महत्या कर ली। हृदय विदारक बात यह है कि घटना के समय बुजुर्ग महिला फ्लैट में बिल्कुल अकेली थीं और मुख्य दरवाजा बाहर से लॉक था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची हरमाड़ा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।


अजमेर गए थे बेटी-दामाद, सुरक्षा के लिहाज से किया था लॉक


हरमाड़ा थानाधिकारी (SHO) उदय सिंह यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान लक्ष्मी जैन (82) पत्नी रामचंद्र जैन के रूप में हुई है। लक्ष्मी जैन यहां सनसिटी स्थित ‘जयविलास अपार्टमेंट’ की 14वीं मंजिल पर अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थीं।
बुधवार को उनकी बेटी और दामाद को किसी बेहद जरूरी व्यक्तिगत कार्य से अजमेर जाना पड़ा था। चूंकि लक्ष्मी जैन पिछले काफी समय से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं और बढ़ती उम्र के कारण उन्हें आंखों से धुंधला यानी कम दिखाई देता था, इसलिए परिवार वाले उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लैट को बाहर से ताला (लॉक) लगाकर गए थे, ताकि वे अनजाने में बाहर न निकल जाएं।
सुबह 5 बजे अपार्टमेंट के नीचे लहूलुहान मिला शव
SHO उदय सिंह के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 5 बजे एकांत और बीमारी की हताशा के बीच लक्ष्मी जैन ने फ्लैट की बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। सुबह की वॉक पर निकले सोसायटी के अन्य निवासियों ने जब अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बुजुर्ग महिला को बेसुध और लहूलुहान हालत में पड़ा देखा, तो पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। सोसायटी के पदाधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना हरमाड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से बुजुर्ग महिला को तुरंत शास्त्री नगर स्थित कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बीमारी से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका
थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच, घटनास्थल की स्थिति और एफएसएल (FSL) टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह मामला गंभीर बीमारी से परेशान होकर सुसाइड करने का ही प्रतीत हो रहा है। फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था, जिससे किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की गुंजाइश नहीं दिख रही है।
अजमेर गए परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों ने भी प्रारंभिक बातचीत में पुलिस को बताया कि मृतका अपनी शारीरिक दिक्कतों और ढलती उम्र की लाचारी के कारण पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) और मानसिक तनाव में थीं। हरमाड़ा पुलिस परिजनों के जयपुर लौटने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद उनके समक्ष शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


