

अजमेर, 18 नवंबर । अजमेर के मांगलियावास थाना क्षेत्र स्थित अर्जुनपुरा चौराहे पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। तेज गति से आ रही एक कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने के दौरान इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


भाई के साथ आंखों का इलाज कराने आ रही थी महिला



पीसांगन निवासी परिवादी परमेश्वर लाल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी 56 वर्षीय बहन मोनी देवी को बाइक पर बैठाकर आंखों का इलाज करवाने के लिए अजमेर ला रहे थे। इसी दौरान अर्जुनपुरा चौराहे पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मोनी देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस जांच जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत जवाहर लाल नेहरू (JLN) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मांगलियावास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार व उसके चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।

