उदयपुर के डॉ. चंद्रेश छतलानी ने रचा 10वां विश्व रिकॉर्ड
डॉ. चन्द्रेश कुमार छतलानी



- ‘एआई बोध’ ब्लॉग के जरिए हिंदी में एआई साक्षरता फैलाने पर मिला ‘सुप्रीम वर्ल्ड
उदयपुर, 11 जून। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के शिक्षाविद् एवं नवाचारकर्मी डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर मेवाड़ और पूरे प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। अमेरिका (स्टेट ऑफ व्योमिंग) की प्रतिष्ठित संस्था ‘इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ एक्सीलेंस’ द्वारा संचालित ‘सुप्रीम वर्ल्ड रिकॉर्ड टाइटल’ ने उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में जागरूकता और साक्षरता फैलाने के उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्व रिकॉर्ड से सम्मानित किया है।


‘एआई बोध’ बना दुनिया का पहला प्रामाणिक हिंदी एआई ब्लॉग


डॉ. छतलानी को यह विश्व रिकॉर्ड उनके द्वारा संचालित विशेष ब्लॉग ‘एआई बोध’ के लिए प्रदान किया गया है। इस ब्लॉग को एआई सीखने और इस तकनीक के प्रति जन-जागरूकता को समर्पित विश्व का प्रथम हिंदी भाषीय ब्लॉग के रूप में आधिकारिक मान्यता दी गई है।
इस निःशुल्क ब्लॉग के माध्यम से डॉ. छतलानी ने हिंदी भाषी पाठकों के लिए ‘जनरेटिव एआई’ (Generative AI) और ‘एजेंटिक एआई’ (Agentic AI) जैसी आज की सबसे आधुनिक और जटिल तकनीकों को बेहद सरल व सुबोध भाषा में समझने का मार्ग प्रशस्त किया है। तकनीकी दुनिया में अंग्रेजी के वर्चस्व के बीच हिंदी भाषा में एआई साक्षरता की यह अनूठी और क्रांतिकारी पहल मानी जा रही है।
डॉ. छतलानी के नाम दर्ज हुआ रिकॉर्ड्स का ‘दशक’
नवाचार और तकनीकी शिक्षा के प्रति अटूट समर्पण की राह पर चलते हुए डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी ने यह दसवां विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के कुलपतियों, प्राध्यापकों, शिक्षाविदों और उदयपुर के प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


