बीकानेर में ‘पीबीएम सुधारो’ आंदोलन तेज, जयपुर से पहुंचीं महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह; पीड़ितों का जाना दर्द, कहा— “मंत्री को मांगनी होगी माफी”
बीकानेर में 'पीबीएम सुधारो' आंदोलन तेज



बीकानेर, 13 जून। पीबीएम अस्पताल में प्रसव के दौरान हुई कथित चिकित्सा लापरवाही के कारण प्रसूताओं की किडनी खराब होने और बिगड़ती स्थिति को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां और जन-आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर द्वारा हाल ही में दिए गए बयान को मातृशक्ति का अपमान बताते हुए शुक्रवार को शहर में महिलाओं द्वारा पुरजोर विरोध प्रदर्शन किए गए। इसी कड़ी में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सारिका सिंह विशेष रूप से जयपुर से बीकानेर पहुंचीं और पीबीएम अस्पताल का दौरा किया।


आईसीयू पहुंचकर जाना पीड़ितों का हाल, मंत्री के बयान पर साधा निशाना


राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सारिका सिंह ने बीकानेर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ और देहात अध्यक्ष शांति बेनीवाल के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं के साथ पीबीएम अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड का दौरा किया। वहां उन्होंने भर्ती प्रसूताओं के परिजनों से मुलाकात कर उनकी व्यथा और पीड़ा सुनी।
दौरे के बाद मीडिया से बातचीत में सारिका सिंह ने चिकित्सा मंत्री के बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के मन में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता समाप्त हो चुकी है। सत्ता के मद में चूर होकर मंत्री यह भूल गए कि प्रसव की प्रक्रिया कितनी जटिल और कष्टकारी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है और वे महिलाओं को केवल एक वोट बैंक के रूप में देखते हैं।
‘पीबीएम अस्पताल सुधारो’ धरना दूसरे दिन भी जारी
पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी खराब होने के मामलों, कथित भ्रष्टाचार और चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी का ‘पीबीएम अस्पताल सुधारो’ अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी पूरी ताकत के साथ जारी रहा। देहात कांग्रेस अध्यक्ष विशनाराम सियाग सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चल रहे इस धरने को महिला कांग्रेस ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया।
सरकार को चेतावनी: माफी मांगनी ही होगी
अस्पताल परिसर में चल रहे धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने कहा कि गुरुवार को बीकानेर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आमजन ने जो एकजुटता और ताकत दिखाई है, उससे सरकार के हौसले पस्त हो गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लड़ाई में प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह से बीकानेर की जनता के साथ खड़ी है और आने वाले दिनों में राज्य स्तर के अन्य बड़े नेता भी इस आंदोलन में शामिल होने बीकानेर पहुंचेंगे। महिला कांग्रेस ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक चिकित्सा मंत्री अपने अपमानजनक बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।


