पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में ₹61.50 लाख की अत्याधुनिक ‘ओटी टेबल’ व प्रीमियम ‘एलईडी लाइट’ का शुभारंभ
पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में ₹61.50 लाख की अत्याधुनिक 'ओटी टेबल' व प्रीमियम 'एलईडी लाइट' का शुभारंभ



बीकानेर, 15 जून । सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम अस्पताल के श्री चुन्नीलाल सोमानी राजकीय ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ व आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा अपने सीएसआर (CSR) फंड के तहत ‘फिफ्थ पिलर’ के माध्यम से ट्रॉमा सेंटर को लगभग 61.50 लाख रुपये की लागत वाली अत्याधुनिक ‘सी-आर्म कम्पैटिबल इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक ऑपरेशन थिएटर टेबल’ और ‘प्रीमियम एलईडी लाइट्स’ भेंट की गई हैं, जिनका विधिवत शुभारंभ किया गया।


ट्रॉमा सेंटर सभागार में आयोजित भव्य लोकार्पण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक एवं स्टेट हेड मनोज गुप्ता ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन व्यावसायिक दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति पूरी तरह संकल्पित है। कॉर्पोरेशन द्वारा प्रदेश के विभिन्न चिकित्सालयों में लगातार अत्याधुनिक उपकरण भेंट किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बीकानेर के पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में आने वाले गंभीर मरीजों को आपातकालीन एवं शल्य चिकित्सा (सर्जरी) के दौरान उन्नत सेवाएं मिल सकें, इसके लिए ये आधुनिक उपकरण प्रदान किए गए हैं।


स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में सहायक सिद्ध होगा सहयोग
समारोह में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कॉर्पोरेशन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग बीकानेर संभाग की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और गंभीर मरीजों के जीवन की रक्षा करने में मील का पत्थर साबित होगा।
भविष्य में भी सहयोग की अपील: ट्रॉमा सेंटर के निदेशक डॉ. बी. एल. खजोटिया ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस उपकरण को बहुउपयोगी बताया। इसके साथ ही उन्होंने कॉर्पोरेशन से भविष्य में ट्रॉमा सेंटर के लिए अत्याधुनिक ट्रॉलियां उपलब्ध कराने का भी आह्वान किया।
क्षेत्र को मिलेगा सीधा लाभ: ट्रॉमा सेंटर के सीएमओ डॉ. एल. के. कपिल ने चिकित्सालय में मरीजों के हितार्थ उपलब्ध अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन उन्नत सुविधाओं से बीकानेर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गंभीर रोगियों के इलाज की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन और इसकी रूपरेखा को लेकर संयोजक व वरिष्ठ लेखक अशफ़ाक कादरी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण लोकार्पण समारोह में कॉर्पोरेशन के सीजीएम (एलपीजी) आशीष कुमार, महाप्रबंधक सुरेंद्रपाल सहित पीबीएम ट्रॉमा सेंटर का समस्त वरिष्ठ स्टाफ, रेजिडेंट डॉक्टर्स, नर्सिंग कर्मी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


