बीकानेर के रेल विकास के लिए लामबंद हुए औद्योगिक और रेल संगठन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले प्रतिनिधि
बीकानेर के रेल विकास के लिए लामबंद हुए औद्योगिक और रेल संगठन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले प्रतिनिधि



बीकानेर, 21 जून। बीकानेर के रेल यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और नए रेल संपर्कों की बहाली के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ, जेडआरयूसीसी (ZRUCC) तथा डीआरयूसीसी (DRUCC) के सदस्यों ने संयुक्त रूप से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बीकानेर (लालगढ़) से साबरमती एक्सप्रेस को नियमित रूप से चालू करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का विशेष आभार व्यक्त किया।


मांग पत्र सौंपने वालों में जेडआरयूसीसी सदस्य नरेश मित्तल, डीआरयूसीसी सदस्य व बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, जेडआरयूसीसी सदस्य अनन्तवीर जैन, संपत पारीक, एडवोकेट अशोक बोबरवाल, डीआरयूसीसी सदस्य पंकज अग्रवाल और अनिल शुक्ला शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बीकानेर से जयपुर के मध्य वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की पुरजोर वकालत की। उन्होंने बताया कि बीकानेर से बड़ी संख्या में आम नागरिकों, व्यापारियों और उद्योगपतियों का प्रांतीय राजधानी जयपुर आवागमन रहता है। वंदे भारत के संचालन से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि यह इंटरसिटी ट्रेन की कमी को पूरा करते हुए रेलवे के राजस्व में भारी बढ़ोतरी करेगी।


इसके अलावा, मांग पत्र में बीकानेर को चंडीगढ़ होते हुए कालका से जोड़ने के लिए एक नई सीधी रेलगाड़ी चलाने, बीकानेर से उदयपुर (वाया फुलेरा) के लिए साप्ताहिक गाड़ी शुरू करने तथा बीकानेर संभाग से तिरुपति बालाजी जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं व वहां कार्यरत प्रवासियों के लिए बीकानेर-तिरुपति साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने की मांग की गई। साथ ही, धार्मिक आस्था से जुड़ी बीकानेर-हरिद्वार ट्रेन को सप्ताह में 3 दिन के बजाय प्रतिदिन करने, इसका समय बदलकर शाम 6:30 बजे करने तथा इसे योग नगरी ऋषिकेश तक विस्तारित करने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस (22632) को बढ़ाकर रामेश्वरम तक करने तथा प्रयागराज-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12403/12404) को नियमित रूप से वाया चूरू-फतेहपुर रूट पर चलाने की मांग रखी, जिससे यात्रियों को कम समय और कम किराए में बेहतर सुविधा मिल सके।


