जयपुर में आयोजित केंद्रीय विद्यालय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चुरू के लाल चमके; जीशान को सिल्वर तो समर को मिला ब्रॉन्ज मेडल
जयपुर में आयोजित केंद्रीय विद्यालय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चुरू के लाल चमके; जीशान को सिल्वर तो समर को मिला ब्रॉन्ज मेडल


चूरू, 4 जुलाई । खेल जगत से चुरू जिले के लिए एक बेहद गौरवशाली और हर्षित करने वाली खबर सामने आई है. जयपुर में गत दिनों (27 जून से 29 जून 2026 तक) आयोजित हुई ‘केन्द्रीय विद्यालय राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता’ में चूरू जिले के जसरासर गाँव के दो सगे भाइयों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर (National Level) की प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है. दोनों भाइयों की इस ऐतिहासिक दोहरी सफलता से जसरासर गाँव और पूरे चूरू जिले में जश्न का माहौल है।


प्रतियोगिता के नतीजों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बड़े भाई जीशान खान ने अंडर-17 (17 वर्षीय) आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल (रजत पदक) पर कब्जा जमाया. वहीं, उनके छोटे भाई समर खान ने भी अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 (14 वर्षीय) आयु वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) हासिल किया. इन पदकों को जीतने के साथ ही दोनों सगे भाइयों का चयन आगामी राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हो गया है।


जीशान का लगातार पांचवां नेशनल, समर ने पहली बार में ही रचा इतिहास
इस सफलता की खास बात यह है कि बड़े भाई जीशान खान खेल में अपनी निरंतरता बनाए हुए हैं और उन्होंने लगातार पांचवें वर्ष अपने आयु वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर नेशनल के लिए क्वालिफाई करने का रिकॉर्ड बनाया है. दूसरी ओर, छोटे भाई समर खान ने इस राज्य स्तरीय मंच पर पहली बार कदम रखा और अपने पहले ही प्रयास में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली.
दोनों होनहार खिलाड़ियों के कोच व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री नजीर मोहम्मद ने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि ये दोनों भाई ‘पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय’ में अध्ययनरत हैं. उन्होंने दोनों की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति अटूट समर्पण का परिणाम बताया है. ग्रामीण व खेल प्रेमियों ने दोनों भाइयों को आगामी नेशनल चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर देश भर में राजस्थान का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


