दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप: पुलिस ने सास को किया गिरफ्तार, पति और ससुर की तलाश जारी
दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या का आरोप


नालंदा, 17 जुलाई । बिहार के नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र स्थित बेरथू गांव में दहेज की मांग को लेकर एक 29 वर्षीय विवाहिता की जहर देकर हत्या करने का संगीन मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार पति और ससुर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


मृतका की पहचान पटना जिले के बेलछी थाना क्षेत्र के जगजानपुर गांव निवासी स्वर्गीय सुरेंद्र प्रसाद की पुत्री प्रियंका कुमारी (29) के रूप में हुई है। प्रियंका का विवाह 29 जून 2020 को बेरथू गांव निवासी कृष्णा महतो के पुत्र अमरजीत कुमार के साथ हुआ था। मृतका अपने पीछे पांच वर्ष की मासूम पुत्री और तीन वर्ष के पुत्र को छोड़ गई है, जिनका मां के साए से उठने के बाद रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतका की मां रिंकू देवी द्वारा करायपरसुराय थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, शादी के समय सामर्थ्य के मुताबिक पूरा दान-दहेज दिया गया था। इसके बावजूद पति अमरजीत कुमार, ससुर कृष्णा महतो और सास सुनीता देवी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रियंका को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। गुरुवार की रात ग्रामीणों से प्रियंका की हत्या की सूचना मिलने पर जब परिजन पहुंचे, तो उसका शव घर के भीतर ही पड़ा मिला। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है।
करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने गुरुवार देर रात करीब 12 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। मृतका की मां के आवेदन पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुक्रवार सुबह त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सास सुनीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


