गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा 105 प्रतिभाओं का सम्मान
गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा 105 प्रतिभाओं का सम्मान


- टी .एम. ऑडिटोरियम में हुआ ‘प्रतिभावान सम्मान समारोह’
गंगाशहर, 21 अगस्त । गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता के तत्वावधान में टी .एम. ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में 105 मेधावी छात्र-छात्राओं, सीए, डॉक्टरों और खेल जगत की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।


सफलता के लिए सही दिशा और निरंतर प्रयास जरूरी: नीता नाहटा


कार्यक्रम की मुख्य वक्ता व करियर गाइड श्रीमती नीता नाहटा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और अंक प्रतिशत से ज्यादा ज्ञान का महत्व है। उन्होंने कहा कि भारत में करियर के 5,000 से अधिक क्षेत्र उपलब्ध हैं, जहाँ प्रतिस्पर्धा के बजाय अपनी स्वाभाविक योग्यता को पहचानकर सही दिशा में प्रयास करना चाहिए।
गंगाशहर नागरिक परिषद् कोलकाता के अध्यक्ष प्रदीप चोपड़ा ने कहा कि अवसरों का समुचित उपयोग ही सफलता की कुंजी है। स्वागताध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने स्व. छोगमल चोपड़ा की स्मृति में दिए जाने वाले मेधावी पुरस्कारों के महत्व को रेखांकित किया, वहीं उनके प्रपौत्र सुशील कुमार चोपड़ा ने प्रतिभाओं के प्रोत्साहन को अनुकरणीय पहल बताया।
अव्वल विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार व चेक
परिषद् के महेंद्र चोपड़ा ने बताया कि कक्षा 10 व 12 के टॉपर्स को नकद राशि एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
कक्षा 12: श्री जैन पब्लिक स्कूल की महक भंसाली (प्रथम – ₹11,000), सेठ रावतमल बोथरा स्कूल की ज्योति कुमावत (द्वितीय – ₹7,100) तथा रामपुरिया विद्या निकेतन की अंतिमा तंवर (तृतीय – ₹5,100)।
कक्षा 10: श्री जैन पब्लिक स्कूल के मुदित बोथरा (प्रथम – ₹7,100), अर्हम् इंग्लिश एकेडमी की नूपुर नाहर (द्वितीय – ₹5,100) एवं रामपुरिया विद्या निकेतन के अक्षत शर्मा (तृतीय – ₹3,100)।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से हुई। परिषद् के मंत्री मनीष सेठिया ने आभार जताया तथा संचालन भैरूदान सेठिया ने किया। अंत में परिषद् के समर्पित कार्यकर्ता स्व. संपतलाल दूगड़ के निधन पर मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
