बिजली गुल होने से AIAPGET परीक्षा केंद्र पर हंगामा, NTA ने जयपुर सेंटर का एग्जाम किया रद्द
बिजली गुल होने से AIAPGET परीक्षा केंद्र पर हंगामा


जयपुर , 22 अगस्त । राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के एक पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (AIAPGET 2026) के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। परीक्षा शुरू होने के महज 15 से 20 मिनट बाद ही अचानक बिजली कट गई। पावर बैकअप और जनरेटर की समुचित व्यवस्था न होने के कारण परीक्षा हॉल में कंप्यूटर सिस्टम पूरी तरह ठप हो गए।


डेढ़ घंटे तक बंद रहे सिस्टम, 3 छात्राएं हुई बेहोश


कड़ाके की गर्मी और बिना लाइट-पंखे के कंप्यूटर सिस्टम बंद रहने से परीक्षा कक्ष में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लगभग डेढ़ घंटे तक अभ्यर्थी बिना सिस्टम के इंतजार करते रहे। इस दौरान उमस और घबराहट के कारण 3 छात्राएं बेहोश हो गईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार देना पड़ा।
दोपहर 12 बजे अभ्यर्थियों को निकाला बाहर, हुआ जोरदार हंगामा
दोपहर 12 बजे निर्धारित परीक्षा समय समाप्त होने का हवाला देकर केंद्र प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों को जबरन हॉल से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद आक्रोशित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने कॉलेज परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि केंद्र की अव्यवस्था और लापरवाही के कारण उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया।
NTA ने लिया एक्शन, जयपुर केंद्र की परीक्षा रद्द
हंगामे के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने त्वरित संज्ञान लेते हुए इस विशिष्ट परीक्षा केंद्र की AIAPGET परीक्षा को रद्द करने का आधिकारिक फैसला लिया। NTA ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए जल्द ही नई परीक्षा तिथि और संशोधित केंद्र की घोषणा की जाएगी ताकि विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
