स्व. संजय शाह बोथरा की स्मृति में चिंतामणी पार्श्वनाथ मंदिर में प्रार्थना व भीनासर गौशाला में हुई जीवदया सेवा
स्व. संजय शाह बोथरा की स्मृति में चिंतामणी पार्श्वनाथ मंदिर में प्रार्थना व भीनासर गौशाला में हुई जीवदया सेवा



- ₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना का 24वाँ सप्ताह
बीकानेर, 20 सितम्बर । ‘₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना’ के तहत 24वें सप्ताह का सेवा कार्य रविवार, 20 सितम्बर 2026 को सूरत निवासी स्व. श्री संजय शाह बोथरा की पावन स्मृति में अत्यंत भावपूर्ण एवं श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। उनके बीकानेर स्थित मित्रों और सहपाठियों द्वारा भुजिया बाजार स्थित ऐतिहासिक श्री चिंतामणी पार्श्वनाथ मंदिर में सामूहिक प्रार्थना व नवकार मंत्र जाप तथा भीनासर स्थित मुरली मनोहर गौशाला में मूक गौवंश की सेवा कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


चिंतामणी पार्श्वनाथ मंदिर में सामूहिक नवकार जाप और श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे भुजिया बाजार स्थित श्री चिंतामणी पार्श्वनाथ मंदिर में हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं, परिजनों एवं सहपाठियों ने स्व. संजय शाह बोथरा की आत्मा की शांति, कर्म निर्जरा और सद्गति के लिए सामूहिक प्रार्थना की तथा नवकार मंत्र का जाप किया।


जय नारायण बिस्सा का वक्तव्य: बीकानेर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष जय नारायण बिस्सा ने स्व. संजय के साथ बिताए पलों के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उनका मिलनसार और सहृदय व्यक्तित्व सदैव सभी के दिलों में जीवित रहेगा। उन्होंने शोकाकुल बोथरा परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मुरली मनोहर गौशाला में गौ-सेवा और पौष्टिक आहार वितरण
प्रार्थना सभा के उपरांत, स्व. संजय शाह बोथरा की धार्मिक व परोपकारी प्रवृत्ति को ध्यान में रखते हुए भीनासर स्थित मुरली मनोहर गौशाला में जीवदया सेवा का आयोजन किया गया। यहाँ उपस्थित मित्रों व परिजनों द्वारा मूक गौवंश को हरा चारा, गुड़, सब्जियां एवं पौष्टिक आहार खिलाया गया।
कार्यक्रम में ये गणमान्यजन रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि व जीवदया कार्यक्रम में सीए विनोद पारख, विजय बोथरा, राजेश बोथरा, पुखराज लालानी, गौतम पुगलिया, डॉ. राजेंद्र चौधरी, विनीता सुराना, सुशीला धारीवाल, राधिका नाहटा, मनदीप गोलछा, सुनील अरोड़ा, कमल गांधी, गौतम सेठिया, हरीश शर्मा, गौतम तातेड़, संदीप जैन, महेश अग्रवाल, हेमंत गोलछा, सुशील नागौरी और प्रेम प्रकाश सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, परिजन एवं सहपाठी उपस्थित रहे।
