नोखा में आयोजित होगा पीएम मोदी का लाभार्थी संवाद कार्यक्रम, तैयारियों का लिया गया जायजा
नोखा में आयोजित होगा पीएम मोदी का लाभार्थी संवाद कार्यक्रम, तैयारियों का लिया गया जायजा



नोखा (बीकानेर), 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नोखा के बाबा छोटूनाथ विद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान करीब 500 लाभार्थी टू-वे संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री से जुड़ेंगे और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करेंगे।


कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। तैयारियों की समीक्षा और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई, जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उमेद रतनू, जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडे, एसडीएम नोखा प्रिया बजाज, डिप्टी नोखा जनरैल सिंह, तहसीलदार नोखा सुनीता चारण, बीडीओ नोखा जसवंत सिंह तथा नगरपालिका ईओ धर्माराम चोयल सहित आला अधिकारियों ने मौका मुआयना किया।


आयोजन की महत्ता को देखते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा भी कल इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इसके अतिरिक्त, वडनगर से शुरू होकर वाराणसी तक जाने वाली ‘जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’ आज शाम नोखा पहुंचेगी। यात्रा का रात्रि प्रवास नोखा में ही रहेगा। यात्रा से जुड़े कार्यकर्ता और यात्री भी अगले दिन प्रधानमंत्री के इस संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
स्थल निरीक्षण और व्यवस्थाओं के दौरान मंडल अध्यक्ष गंगाराम पारीक, आसकरण भट्टड़, महेंद्र संचेती, मनोज कुलरिया, रेवंत नाई, श्रवण जानी, मोडाराम सिंवर, महावीर भार्गव, गणपत गोदारा, जेठूसिंह राजपुरोहित तथा सुनील पूनिया सहित भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
