उदयरामसर दादाबाड़ी में जैन समाज का भव्य मेला आयोजित

उदयरामसर दादाबाड़ी में जैन समाज का भव्य मेला आयोजित
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
खमत खामणा

भक्ति संगीत, दर्शन-वंदन और ऊंट-घोड़े की सवारी का श्रद्धालुओं ने लिया आनंद

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर, 26 सितम्बर। तीन शताब्दी से अधिक प्राचीन उदयरामसर स्थित दादाबाड़ी में शनिवार को सकल श्री संघ के सहयोग तथा श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के तत्वावधान में दादा गुरुदेव जिनदत्त सूरीश्वरजी का वार्षिक मेला एवं संगीतमय पूजा का आयोजन अपार श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

pop ronak

श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया कि मेले के दौरान 5,000 से अधिक श्रावक-श्राविकाओं ने दादा गुरुदेव के पगलियों की देवली, भगवान वासुपूज्य स्वामी, गांव के भगवान कुंथुनाथजी तथा आशापुरा माताजी के दर्शन-वंदन कर पुण्य लाभ कमाया। श्रद्धालुओं ने दादा गुरुदेव की संगीतमय बड़ी पूजा और ‘दादा गुरुदेव इकतीसा’ के सामूहिक पाठ में भाग लेकर महाप्रसाद ग्रहण किया।

जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ संघ की साध्वी मुक्तांजना श्रीजी, साध्वी सुरक्षांजना श्रीजी, सौम्यंजना श्रीजी, चितलेहांजना श्रीजी एवं चितक्खरांजना श्रीजी के सान्निध्य में आयोजित संगीतमय पूजा में वरिष्ठ गायक सुनील पारख, अरिहंत नाहटा, वीरेंद्र बांठिया ‘पप्पूजी’, मंजू रामपुरिया, विचक्षण महिला मंडल तथा साध्वीवृंद ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बुलाकी दास कल्ला, महापौर अनिल कल्ला और पार्षद नवरतन डागा ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर स्थानीय विधायक जेठानंद व्यास, प्रन्यास के पूर्व अध्यक्ष निर्मल पारख (धारिवाल), अध्यक्ष हरीश नाहटा, कोषाध्यक्ष फतेह चंद खजांची, धर्मवीर नाहटा सहित कई पार्षदों व गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। प्रन्यास पदाधिकारियों द्वारा अतिथि जनप्रतिनिधियों का साफा पहनाकर स्वागत-सत्कार किया गया।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए गोगागेट चौराहा स्थित कोचरों की दादाबाड़ी से उदयरामसर के लिए बस सेवा उपलब्ध कराई गई। श्री जिनेश्वर युवक परिषद एवं खरतरगच्छ युवा संघ सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों ने निःशुल्क चाय, नाश्ता, शर्बत व आइसक्रीम के स्टॉल लगाए। दादाबाड़ी परिसर में की गई भव्य रोशनी आकर्षण का केंद्र रही। मेले में आए श्रद्धालुओं ने ऊंट व घुड़सवारी तथा विभिन्न प्रकार के झूलों का भरपूर आनंद उठाया।

इससे पूर्व शुक्रवार रात को गुरु युवा जागृति परिषद के तत्वावधान में श्रीपाल नाहटा व जितेंद्र कोचर के संयोजन में ‘एक शाम दादा जिनदत्त सूरि गुरुदेव के नाम’ भक्ति संगीत संध्या का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली के रितिक गुप्ता और जयपुर के अभिषेक जैन पालीवाल ने देर रात तक एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय बालिकाओं द्वारा नवकार महामंत्र पर प्रस्तुत नृत्य वंदना से हुई।

#Bikaner News, #Udayramsar Dadabari,#Jain Mela, #Dada Gurudev, #Jin Datt SurishwarJi ,#Bikaner Event, #Chintamani Jain Mandir, #Rajasthan News,