बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार



- विश्व पर्यटन दिवस : पहली बार आयोजित आयोजित होगा ‘बीकानेर हेरिटेज ट्रेजर हंट’ और ‘बुक रीडिंग सेशन’
- देशी और विदेशी पर्यटकों का करेंगे स्वागत
बीकानेर, 26 सितम्बर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को विभिन्न आयोजन होंगे। प्रातः 9 से 11 तक जूनागढ़ परिसर में देशी-विदेशी पर्यटकों का स्वागत किया जाएगा। पर्यटन विभाग के उप निदेशक श्री कृष्ण कुमार ने बताया कि इस दौरान स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विभाग द्वारा हेरिटेज रूट में भी लोक कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगें।


युवाओं को पुनः जोड़ेंगे पुस्तकों से, रविवार को होगा ‘साइलेंट रीडिंग सेशन’


कृष्ण कुमार ने बताया कि किताबों से दूर होते जा रहे युवाओं को पुनः पुस्तकों से जोड़ने के उद्देश्य से बीकानेर बुक क्लब द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से रविवार से हर सप्ताह ‘साइलेंट रीडिंग सेशन’ का आयोजन किया जाएगा।
इसके तहत रविवार को प्रातः 7 से 9 बजे तक युवा गांधी पार्क में अपनी पसंदीदा पुस्तकों के साथ पहुंचेंगे और मोबाइल फोन बंद कर शांत वातावरण में पुस्तकों का अध्ययन करेंगे। इसके लिए बीकानेर बुक क्लब की ओर से युवाओं का पंजीकरण किया जा रहा है।
बीकानेर बुक क्लब के संस्थापक पुलकित सेठिया ने बताया कि क्लब द्वारा प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को बुक रिव्यू सेशन आयोजित किया जाता है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर इस बार छह सप्ताह का विशेष ‘साइलेंट रीडिंग सेशन’ शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से कुछ समय दूर रखते हुए पुस्तकों के साथ समय बिताने के लिए प्रेरित करना है।
बीकानेर रन क्लब करवाएगा बीकानेर हेरिटेज ट्रेजर हंट
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को बीकानेर रन क्लब द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से बीकानेर हेरिटेज ट्रेजर हंट का आयोजन प्रातः 6.30 बजे से किया जाएगा। पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक श्री महेश कुमार व्यास ने बताया कि इसके माध्यम से बीकानेर की पर्यटन धरोहरों, हवेलियों और यहां की समृद्ध ऐतिहासिक परंपराओं की जानकारी युवाओं और पर्यटकों तक पहुंचाई जाएगी। ट्रेजर हंट की शुरुआत रामपुरिया हवेलियों से होगी और इसका समापन लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में होगा। ट्रेजर हंट से पहले युवा कोटगेट से रामपुरिया हवेली तक दौड़ते हुए पहुंचेंगे।
इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को बीकानेर की विरासत, कला-संस्कृति, परंपराओं और खान-पान से संबंधित विभिन्न पहेलियां सुलझाने के लिए दी जाएंगी। इन पहेलियों के माध्यम से प्रतिभागियों को बीकानेर की बहुरंगी संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को करीबी से जानने का अवसर मिलेगा।
ट्रेजर हंट की शुरुआत रामपुरिया हवेली से होगी, वहीं मार्ग में आने वाली विभिन्न ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों से प्रतिभागी रू-ब-रू हों सकें, इसके लिए विभिन्न स्थानों से संबंधित पहेलियाँ दी जाएंगी।
बीकानेर रन क्लब के संस्थापक ईशान शर्मा ने बताया कि अब तक 200 से अधिक युवाओं ने बीकानेर हेरिटेज ट्रेजर हंट के लिए पंजीकरण करवाया है। क्लब द्वारा फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इसी श्रृंखला में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ये नवाचार किया जा रहे हैं। बीकानेर कलेक्टर निशान्त जैन और प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े ने भी युवाओं ने इन आयोजनों में जुड़ने की अपील की है।
=====
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र जारी
बीकानेर, झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, एवं हनुमानगढ़ के पात्र अभ्यर्थियों के लिए जारी हुए एडमिट कार्ड
बीकानेर , 26 सितंबर। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) झुंझुनूं द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली के लिए पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। जून 2026 में आयोजित सेना सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) में सफल रहे अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
एआरओ झुंझुनूं कार्यालय के अधिकारी कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि एआरओ झुंझुनूं राजस्थान के झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर एवं हनुमानगढ़ जिलों के पात्र युवाओं की भर्ती के लिए नोडल भर्ती कार्यालय है। इन पांच जिलों के सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
भर्ती रैली का कार्यक्रम
कर्नल अंकुर कुमार ने बताया कि अग्निवीर क्लर्क के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 11 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2026 तक सीकर, राजस्थान में आयोजित होगी।
वहीं अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर 10वीं पास एवं अग्निवीर 8वीं पास श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती रैली 30 जनवरी 2027 से 22 फरवरी 2027 तक बीकानेर, राजस्थान में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र पर अंकित रिपोर्टिंग तिथि, समय एवं स्थान को ध्यानपूर्वक जांच लें तथा निर्धारित तिथि पर आवश्यक मूल दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्रों के साथ भर्ती स्थल पर उपस्थित हों।
वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
सभी शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर लॉगिन कर अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड एवं प्रिंट कर लें। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी सहित सभी आवश्यक मूल दस्तावेज भर्ती रैली के दौरान साथ लाने होंगे।
अंतिम समय का इंतजार नहीं करें
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपना प्रवेश पत्र समय रहते डाउनलोड कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी समस्या अथवा अन्य असुविधा से बचा जा सके।
मीडिया संपर्क
सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ), झुंझुनूं
फोन: 01592-250192, 01592-295614
ई-मेल: arojhunjhunu@gmail.कॉम
======
कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे से की शिष्टाचार भेंट
विश्वविद्यालय की आगामी कार्ययोजना और शैक्षणिक विस्तार को लेकर हुई चर्चा
बीकानेर, 26 सितंबर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के नव-नियुक्त कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात शनिवार को जयपुर में राज्यपाल, राजस्थान श्री हरिभाऊ बागडे से राज्यपाल सचिवालय लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी श्री राजकुमार सागर भी उपस्थित रहे।
कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया तथा आगामी कार्ययोजना की प्राथमिकताओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
प्रो. बिश्नोई ने विश्वविद्यालय में विज्ञान संकाय के नवीन विभागों की स्वीकृति तथा रिक्त शैक्षणिक पदों को भरने के संबंध में भी राज्यपाल महोदय से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार में एम.पी.एड. पाठ्यक्रम की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण इस क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी उच्च शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए अन्यत्र जाने को मजबूर हैं।
कुलगुरु ने क्षेत्र के खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत एम.पी.एड. एवं बी.पी.एड. पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की स्वीकृति के लिए राजस्थान सरकार को आवश्यक निर्देश प्रदान करने का आग्रह किया।
प्रो. बिश्नोई ने बताया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप आगामी समय में नवीन एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को पारंपरिक अध्ययन के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी शिक्षा पूर्ण करने के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली तथा विश्वविद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों के संबंध में चर्चा की।
======
‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के बताए उपाय
बीकानेर, 26 सितंबर। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में साइबर जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भगवाना राम बिश्नोई एवं मुख्य वक्ता श्री प्रशांत जोशी, प्रवक्ता कंप्यूटर, द्वारा मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रशांत जोशी, लेक्चरर (सीएसई), ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भारत सरकार के विभिन्न साइबर सुरक्षा पोर्टल sancharsaathi.gov.in, cybercrime.gov.in एवं ceir.gov.in के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग एवं महत्व को समझाया। जोशी, प्रवक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, ने भी रिसोर्स पर्सन के रूप में साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की।
प्राचार्य प्रो. भगवाना राम बिश्नोई ने साइबर अपराधों के कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए साइबर अपराध की स्थिति में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों एवं सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक डॉ. किशन लाल कुम्हार ने बताया कि कार्यक्रम में वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों, विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, वीडियो कॉल धोखाधड़ी, डीपफेक फ्रॉड तथा कार्य-आधारित धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सोशल मीडिया एवं मोबाइल की सुरक्षित उपयोगिता के लिए सरल एवं प्रभावी सावधानियां भी बताई गईं।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से उनके समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम के अंत में ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। आमजन staysafeonline.in के माध्यम से साइबर जागरूकता से संबंधित प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर साइबर सुरक्षा की प्रतिज्ञा भी ले सकते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. किशन लाल कुम्हार ने किया। औपचारिक समापन के अवसर पर महाविद्यालय की प्रोफेसर कुमुद जैन ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग करने तथा सुरक्षित डिजिटल आदतों को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
=======
विकसित भारत जन सेवा अभियान
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी सहारा, पशुपालक की दो गायों का हुआ निःशुल्क बीमा
बीकानेर, 26 सितंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत पंचायत समिति लूणकरणसर में आयोजित गिरदावर सर्किल शिविर में पशु पालन विभाग की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना ने एक और पशुपालक के चेहरे पर मुस्कान ला दी।
शिविर में चौथू राम गोदारा को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत निःशुल्क बीमा पॉलिसी का वितरण किया गया। लाभार्थी की 2 गायों का 40-40 हजार रुपए का बीमा कवर किया गया। लाभार्थी ने बताया कि योजना आर्थिक रूप से कमजोर पशुपालकों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना से पशुओं की आकस्मिक मृत्यु होने पर आर्थिक सुरक्षा मिलती है।
यह पॉलिसी वितरण तहसीलदार अजय एवं शिविर सह प्रभारी की उपस्थिति में विभागीय प्रभारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. लखनपाल सिंह द्वारा किया गया।
लाभार्थी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और पशुपालन विभाग को धन्यवाद दिया।
=====
विकसित भारत जन सेवा अभियान 2026
शिविर में सुपोषण दिवस पर सामुदायिक कार्यक्रम, गर्भवती कमला देवी की हुई गोद भराई
बीकानेर, 26 सितंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत ग्राम पंचायत महाजन में आयोजित शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषण दिवस एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र पर पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी लगाई गई और ग्रामीण महिलाओं को संतुलित आहार, सुपोषित माँ – स्वस्थ शिशु के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इसी अवसर पर गर्भवती महिला कमला देवी की गोद भराई की गई। आंगन मिलन सेवा समारोह कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिला का आंगनबाड़ी केन्द्र पर ऑनलाइन पंजीकरण किया गया, जिससे उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार सुरेश कुमार डारा, विभागीय नोडल अधिकारी मंजू चांगरा, महिला पर्यवेक्षक अमृतपाल कौर एवं सह प्रभारी सुलोचना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रही।
==========
.
