दिल्ली में राहुल गांधी व कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शहर कांग्रेस ने गांधी पार्क में किया सत्याग्रह
दिल्ली में राहुल गांधी व कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शहर कांग्रेस ने गांधी पार्क में किया सत्याग्रह

बीकानेर, 07 अक्टूबर । नई दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं कांग्रेस सांसदों द्वारा दिए जा रहे शांतिपूर्ण धरने से उन्हें जबरन उठाए जाने और पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कोटगेट स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्र होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह किया और केंद्र सरकार व मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन


प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हजारीमल देवड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंटने पर आमादा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर ‘जेल भरो आंदोलन’ भी शुरू किया जाएगा। पूर्व संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने बताया कि जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के जयपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक में व्यस्त होने के कारण यह सत्याग्रह आयोजित किया गया।
अंग्रेजों से नहीं डरी तो भाजपाई दलालों से क्या डरेगी कांग्रेस: सलीम भाटी व गजेंद्र सांखला
प्रदेश महासचिव गजेंद्र सिंह सांखला ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्ष कार्य करने के बजाय सरकार की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। वहीं, वरिष्ठ नेता सलीम भाटी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में समूचा विपक्ष एकजुट है और दमनकारी नीतियों के आगे कतई झुकने वाला नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जब अंग्रेजों के अत्याचारों से नहीं डरी, तो मौजूदा तानाशाही से भी डरने वाली नहीं है।
गांधी पार्क में गूंजे केंद्र सरकार विरोधी नारे
प्रवक्ता एडवोकेट भिखाराम मेघवाल ने बताया कि सत्याग्रह के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी’, ‘लोकतंत्र में तानाशाही बंद करो’ तथा ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाए। प्रदर्शन में उपाध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह, टीकूराम मेघवंशी, डी.सी. गहलोत, नागेंद्र सिंह शेखावत, सुमित कोचर, पार्षद ओमप्रकाश लोहिया, राहुल जादूसंगत, पवन कुमार, जावेद खान बाबा, पारस मारू, महिला कांग्रेस की नवनीत कौर खत्री, शलिना खान, बेनजीर बानो, धनसुख आचार्य, करणीसिंह राजपुरोहित, तोलाराम सियाग, प्रदीप जाडीवाल, मुबारक हुसैन, मुकेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
