नाल स्थित डेहरू माता मंदिर में नवरात्र पर नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान
नाल स्थित डेहरू माता मंदिर में नवरात्र पर नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान

- जैसलमेर रोड स्थित कुलदेवी डेहरू माता मंदिर में महायज्ञ व हवन, अष्टमी पर कन्या पूजन के साथ होगी महाप्रसादी
बीकानेर, 9 अक्टूबर । बीकानेर के नाल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-11, जैसलमेर रोड पर विराजित कुलदेवी डेहरू माता मंदिर में आगामी नवरात्र के पावन अवसर पर नौ दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस धार्मिक महोत्सव के दौरान विधि-विधानपूर्वक माता रानी की विशेष आराधना, यज्ञ, अभिषेक, हवन एवं पूजन के कार्यक्रम संपन्न होंगे।


नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। आयोजन में सभी यजमानों की सहभागिता रहेगी, जिसके तहत रोजाना एक दंपति द्वारा माता जी का अभिषेक एवं पूजन संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट की जाएगी तथा माता रानी का मनमोहक शृंगार किया जाएगा।


अष्टमी पर कन्या पूजन और महाप्रसादी
नवरात्र की अष्टमी तिथि पर माता रानी का विशेष शृंगार एवं पूजन होगा। इस पावन अवसर पर कन्या पूजन के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। महाप्रसादी का समय प्रातः 11:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। मंदिर ट्रस्ट ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को इन धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्य लाभ एवं माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने का सस्नेह निमंत्रण दिया है।
