एसपी मेडिकल कॉलेज की बहुविषयक अनुसंधान इकाई (MRU) के नोडल अधिकारी बने डॉ. इन्द्र पुरी
एसपी मेडिकल कॉलेज की बहुविषयक अनुसंधान इकाई (MRU) के नोडल अधिकारी बने डॉ. इन्द्र पुरी

- डॉ. संजय कोचर से संभालेंगे कार्यभार
बीकानेर, 15 अक्टूबर । सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) इन्द्र पुरी को महाविद्यालय की बहुविषयक अनुसंधान इकाई (एमआरयू) का नया नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्राचार्य कार्यालय की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगी।


खोज समिति की अनुशंसा पर हुआ चयन


भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के प्रावधानों तथा इसके लिए गठित खोज (सर्च) समिति की संस्तुतियों के आधार पर डॉ. पुरी को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस खोज समिति में अतिरिक्त प्रधानाचार्य-प्रथम डॉ. रेखा आचार्य, अतिरिक्त प्रधानाचार्य-द्वितीय डॉ. नीति शर्मा तथा निश्चेतना विभाग की वरिष्ठ आचार्य डॉ. अनीता पारीक शामिल थीं।
जिम्मेदारियों का होगा सुचारू हस्तांतरण
डॉ. पुरी इस पद पर पूर्व नोडल अधिकारी डॉ. संजय कोचर से कार्यभार ग्रहण करेंगे। जारी आदेश के अंतर्गत इकाई से संबंधित समस्त अभिलेख, दस्तावेज, पत्राचार, लेखा रिकॉर्ड और अन्य प्रासंगिक सामग्रियों का विधिवत हस्तांतरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अनुसंधान गतिविधियों के समन्वय की रहेगी जिम्मेदारी
नोडल अधिकारी के रूप में डॉ. पुरी बहुविषयक अनुसंधान इकाई के समग्र समन्वय एवं संचालन के लिए उत्तरदायी होंगे। वे स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे। अनुसंधान गतिविधियों के क्रियान्वयन, निगरानी और प्रगति के लिए वे स्थानीय अनुसंधान सलाहकार समिति, कार्यकारी समिति तथा संबंधित विभागों एवं अनुभागों के साथ तालमेल बिठाएंगे। इसके अतिरिक्त, वे स्थानीय अनुसंधान सलाहकार समिति के सदस्य सचिव की भूमिका का भी निर्वहन करेंगे।

