ईसीबी में ग्लोबल हैंडवाशिंग डे पर स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बीकानेर अभियान
ईसीबी में ग्लोबल हैंडवाशिंग डे पर स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बीकानेर अभियान

- नीम, तुलसी और एलोवेरा युक्त ग्रीन सेनेटाइजर किया गया प्रदर्शित; स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
बीकानेर, 15 अक्टूबर । इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ECB) की डिस्पेंसरी एवं बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (BTU) के जीसीईएएससी (ग्रीन कैंपस एनवायरनमेंट ऑडिट एंड सस्टेनेबिलिटी सेल) के संयुक्त तत्वावधान में ‘ग्लोबल हैंडवाशिंग डे’ के अवसर पर ‘स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बीकानेर’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हाथों की स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों व आमजन को जागरूक करना था।


ग्रीन सेनेटाइजर का प्रदर्शन एवं वितरण


कार्यक्रम में जीसीईएएससी की पर्यावरण-अनुकूल पहल के अंतर्गत एक विशेष ग्रीन सेनेटाइजर प्रदर्शित व वितरित किया गया। 70 प्रतिशत एथिल अल्कोहल के साथ नीम, तुलसी और एलोवेरा के प्राकृतिक अर्क से तैयार इस सेनेटाइजर के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और प्राकृतिक विकल्पों को अपनाने पर जोर दिया गया।
प्रमुख अतिथियों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग रहे। इस अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक डॉ. एस.के. बंसल, ईसीबी के प्राचार्य डॉ. संजीव जैन एवं कुलसचिव डॉ. अमित सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
व्यक्तिगत स्वच्छता को बताया स्वस्थ जीवन का आधार
जीसीईएएससी के समन्वयक डॉ. प्रवीण पुरोहित ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और हाथों की नियमित सफाई संक्रमण को रोकने में बेहद प्रभावी है। उन्होंने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने की अपील की।
इस दौरान डॉ. हेम आहूजा, डॉ. अक्षिता चौधरी, डॉ. नवीन पालीवाल, डॉ. सुभाष पंवार, डॉ. चंचल कछवाहा, डॉ. गरिमा प्रजापत सहित नर्सिंग स्टाफ के अजीत सिंह, रविशंकर भोबिया, किशन सारस्वत व कैलाश आचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अजीत गौर द्वारा किया गया।

