एसकेआरएयू की अनुसंधान सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
एसकेआरएयू की अनुसंधान सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

- रबी सीजन में 4 हजार क्विंटल से अधिक बीज किसानों को हुआ उपलब्ध
बीकानेर, 17 अक्टूबर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (SKRAU) द्वारा रबी सीजन में 4 हजार क्विंटल से अधिक बीज का उत्पादन कर किसानों को उपलब्ध कराया गया है। यह जानकारी विश्वविद्यालय के अनुसंधान सलाहकार समिति की शनिवार को आयोजित बैठक में दी गई, जिसकी अध्यक्षता कुलपति डॉ. आर.बी. दुबे ने की।


बैठक में अनुसंधान निदेशक डॉ. एन.के. शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने पिछले वर्ष रबी फसलों की विभिन्न किस्मों के लिए 24 अनुशंसाएं क्षेत्रीय अनुसंधान एवं प्रसार सलाहकार समिति के अनुमोदन से ‘पैकेज ऑफ प्रैक्टिस’ के वास्ते भेजी हैं। साथ ही, विश्वविद्यालय में चार बाह्य अनुदान प्रोजेक्ट संचालित हैं और सात नए प्रोजेक्ट स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन हैं। बैठक में जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. एल.एन. हर्ष और कोटा कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. जेड.एस. सोलंकी ने विशेषज्ञ के रूप में अपने विचार रखे और चारा वर्गीय फसलों के बीज तथा खजूर के उन्नत पौधे किसानों को उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


कुलपति डॉ. दुबे ने कृषि और किसानों के हित में सतत अनुसंधान करने के निर्देश दिए और कहा कि पीएचडी शोध कार्यों में अल नीनो जैसे समसामयिक कृषि विषयों को शामिल किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता से समझौता किए बिना अधिकाधिक बीज उत्पादन करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विजय प्रकाश, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. दीपाली धवन, स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. राजेश वर्मा, कल्याण निदेशक डॉ. देशवाल और क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

