दो दिन स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों के समन्वय पर होगा मंथन
दो दिन स्वास्थ्य सेवाओं, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों के समन्वय पर होगा मंथन

- एसपी मेडिकल कॉलेज में सुबह 11 बजे उद्घाटन
बीकानेर, 23 अक्टूबर । बीमारियों की रोकथाम, मृत्यु दर में कमी लाने और आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से देश-प्रदेश के विशेषज्ञ बीकानेर में एक मंच पर जुटेंगे। सरदार पटेल (एसपी) मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन’ की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में 15वां वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन ‘राज आईएपीएसएम कॉन-26’ (RAJIAPSM CON 2026) आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय इस सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन शनिवार सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा।


सीमाओं के पार जनस्वास्थ्य का एकीकरण’ थीम पर होगा मंथन



24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन की मुख्य थीम ‘सीमाओं के पार जनस्वास्थ्य का एकीकरण’ रखी गई है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा, अनुसंधान, प्रशासन और नीति निर्माण से जुड़े प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जनस्वास्थ्य की समकालीन चुनौतियों के साझा व व्यावहारिक समाधान तलाशना है। इस गरिमामयी सम्मेलन में 300 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
उद्घाटन समारोह के प्रमुख अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि आईएपीएसएम राजस्थान शाखा के अध्यक्ष एवं आईसीएमआर–एनआईएचआर (ICMR-NIHR), जोधपुर के निदेशक प्रो. डॉ. पंकज भारद्वाज होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसपी मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के पूर्व आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. बी. एल. व्यास उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन के संरक्षक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार हैं।
इलाज के साथ रोकथाम और सामुदायिक स्वास्थ्य पर जोर
सम्मेलन में कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञों, मास्टर्स ऑफ पब्लिक हेल्थ से जुड़े प्रतिनिधियों, खाद्य निरीक्षकों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य प्रशासनिक अधिकारियों, आयुष संकाय सदस्यों, नीति निर्माताओं और जनप्रतिनिधियों को जोड़ा गया है। दो दिनों तक चलने वाले इस संवाद में विभिन्न विभागों व संस्थाओं के परस्पर समन्वय से बीमारियों का बोझ कम करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
शोध से स्वास्थ्य सेवाओं तक व्यावहारिक उपयोगिता पर चर्चा
सम्मेलन की कार्यशाला रूपरेखा में डेटा विश्लेषण, अनुसंधान पद्धति, गुणवत्तापूर्ण शोध पत्र लेखन, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और जीआईएस (GIS) मैपिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं। इनके माध्यम से स्वास्थ्य सेवा वितरण और अनुसंधान विधियों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
तीन शहरों के चिकित्सा संस्थानों का सहयोग
एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर की मेजबानी में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में डॉ. एस. एस. टांटिया मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर (श्रीगंगानगर) तथा बीवाईएम विकास भाम्भू राजकीय मेडिकल कॉलेज (हनुमानगढ़) सहयोगी संस्थान की भूमिका निभा रहे हैं। यह साझा प्रयास संभाग में जनस्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

