पार्श्वचंद्र सूरीश्वरजी की दादाबाड़ी में नवपद ओली के पारणे पर 27 को होगा भक्ति संगीत का आयोजन
पार्श्वचंद्र सूरीश्वरजी की दादाबाड़ी में नवपद ओली के पारणे पर 27 को होगा भक्ति संगीत का आयोजन

बीकानेर, 24 अक्टूबर। जैन श्वेताम्बर पार्श्वचंद्र गच्छ के महोपाध्याय भुवन चंद्र म.सा., श्री पार्श्वचंद्र यश सूरी म.सा., वयोवृद्ध साध्वी पद्म प्रभाश्रीजी, सुव्रताश्रीजी, श्री भव्यानंद म.सा. व सिद्धांत श्री म.सा. की प्रेरणा से आगामी 27 अक्टूबर को गंगाशहर मार्ग स्थित पार्श्वचंद्र सूरीश्वरजी की दादाबाड़ी (आदिनाथ भवन परिसर) में अष्टापदजी की ओलीजी के पारणे के पावन अवसर पर भव्य भक्ति संगीत का आयोजन रखा गया है। यह आयोजन वरिष्ठ श्रावक प्रकाश चंद राखेचा परिवार के सौजन्य से हो रहा है।


राखेचा परिवार के राजेश, मनीष व अंकित राखेचा ने जानकारी दी कि इस भक्ति संध्या में शहर के जाने-माने वरिष्ठ गायक सुनील पारख, महेंद्र कोचर और श्रीमती कंचन कोचर अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देंगे। प्रभु भक्ति के इस पावन और आनंदमय अवसर पर भक्ति कार्यक्रम के पश्चात सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी रखा गया है।
===============



खतुरिया कॉलोनी के मन मंदिर में 26 को मचेगी धूम, शरद पूर्णिमा महोत्सव पर होगा संगीतमय सुंदरकांड पाठ
बीकानेर, 24 अक्टूबर। खतुरिया कॉलोनी स्थित मन मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सोमवार को दोपहर तीन बजे से वीर बजरंग मंडल के तत्वावधान में संगीतमय सुंदरकांड का सामूहिक पाठ आयोजित किया जाएगा।
मंदिर के संस्थापक सुरेश गुप्ता ने बताया कि महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। पुजारी तरुण सेवग के नेतृत्व में इस विशेष अवसर पर बालाजी महाराज की प्रतिमा का अत्यंत भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। सुंदरकांड पाठ के उपरांत महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिरकत करेंगे।
=============

