47वें राज्य स्तरीय त्वचा रोग विशेषज्ञ सम्मेलन का भव्य शुभारंभ
47वें राज्य स्तरीय त्वचा रोग विशेषज्ञ सम्मेलन का भव्य शुभारंभ

- नौ चिकित्सक सम्मानित, ‘स्किन कंपास’ पुस्तक का हुआ विमोचन
बीकानेर, 24 अक्टूबर। ‘पधारो म्हारे देश’ की परंपरागत मेहमाननवाजी और चिकित्सा जगत के दिग्गजों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच बीकानेर में भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन (IADVL) के 47वें राज्य स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। त्वचा आरोग्य सेवा न्यास के संयोजन में जयपुर-जोधपुर बाईपास स्थित गणेशम रिसॉर्ट में आयोजित इस सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 450 से अधिक त्वचा रोग विशेषज्ञ चिकित्सक भाग ले रहे हैं।


दीप प्रज्वलन और नौ चिकित्सकों का सम्मान
समारोह का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश माथुर तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. यू.एस. अग्रवाल और डॉ. संजीव हांडा का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में साफा पहनाकर, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया गया।



त्वचा रोग चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार, शिक्षण, शोध और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए उद्घाटन समारोह में नौ प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित किया गया:
- डॉ. दिलीप कच्छावा — डर्मा इनोवेटर ऑफ द ईयर अवार्ड
- डॉ. विनोद जैन — टीचर ऑफ द ईयर इन डर्मेटोलॉजी अवार्ड
- डॉ. राजीव खुल्लर — ओरेशन अवार्ड
- डॉ. मनीषा निजहावन — डर्मा आइकॉन अवार्ड
- डॉ. मुकुल शर्मा — द डर्मेटोलॉजी मेस्ट्रो अवार्ड
- डॉ. एम.के. सिंघी — लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
- डॉ. दीपक कुमार माथुर — लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
- डॉ. आर.ए. बंब — बीकाणा डर्मा श्री अवार्ड
- डॉ. दिनेश माथुर — गुरु रत्न अवार्ड
‘स्किन कंपास’ पुस्तक का विमोचन
समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण डॉ. दिनेश माथुर के मुख्य संपादन में तैयार की गई पुस्तक ‘स्किन कंपास’ (आपकी त्वचा, आपका स्वास्थ्य) का विमोचन रहा। इस पुस्तक का उद्देश्य त्वचा के स्वास्थ्य, उचित देखभाल और त्वचा संबंधी समस्याओं के प्रति जन-जागृति फैलाना है।
वैज्ञानिक सत्र, कार्यशालाएं और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन
सम्मेलन के दौरान आयोजित वैज्ञानिक सत्रों, लाइव प्रेजेंटेशन और कार्यशालाओं में देश-विदेश से आए विशेषज्ञों ने त्वचा संबंधी बीमारियों, उनके निदान, आधुनिक उपचार पद्धतियों तथा रोकथाम के उपायों पर अपने अनुभव साझा किए। साथ ही, सम्मेलन स्थल पर विभिन्न मेडिकल एवं फार्मास्युटिकल कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाकर आधुनिक मशीनों, उपकरणों और नई दवाओं का प्रदर्शन किया गया, जिससे चिकित्सकों को नवीनतम तकनीकों से रूबरू होने का अवसर मिला।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक डॉ. आर.ए. बंब, अध्यक्ष डॉ. राजकुमार कोठीवाला, सचिव डॉ. सुरेंद्र थालोर, मुख्य समन्वयक डॉ. आर.डी. मेहता, आयोजन अध्यक्ष डॉ. बी.सी. घिया, आयोजन सचिव डॉ. मोहित बंसल और वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रसून सोनी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

