राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवबाड़ी में मानक लेखन प्रतियोगिता आयोजित: “गैस सिलेंडर” विषय पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवबाड़ी में मानक लेखन प्रतियोगिता आयोजित: "गैस सिलेंडर" विषय पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बीकानेर, 28 अक्टूबर। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), जयपुर शाखा कार्यालय के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवबाड़ी (बीकानेर) में स्थापित मानक क्लब के तहत बुधवार को मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। “गैस सिलेंडर” विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में दो-दो विद्यार्थियों की 18 टीमों के कुल 36 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।


कार्यक्रम के दौरान मानक क्लब के मेंटर शिक्षक एवं बीकानेर जिले के रिसोर्स पर्सन (आरपी) मुकेश मोदी ने विद्यार्थियों को उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता तय करने वाले मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर भारतीय मानक IS 3196 के अनुसार तैयार किए जाते हैं और इन पर आईएसआई मार्क होना अनिवार्य है। उन्होंने बच्चों को सिलेंडर लेते समय उसकी सील, वजन और परीक्षण तिथि की जांच करने के साथ-साथ गैस रिसाव होने पर बरती जाने वाली सावधानियों और ‘बीआईएस केयर ऐप’ के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया।



विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता विश्नोई, उप प्रधानाचार्य अनुपमा शर्मा और रुपिंद्र पुनियानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित समाज की नींव होता है। प्रतियोगिता में वरिष्ठ विज्ञान अध्यापक कीर्ति दुग्गल, त्रिमूर्ति भाटी और चारू चेजारा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान: कक्षा 10 की छात्राएँ चंद्रेश श्री एवं अंकिता फुलवारिया
द्वितीय स्थान: कक्षा 11 के निखिल नवल एवं गौतम
तृतीय स्थान: कक्षा 11 (विज्ञान वर्ग) की प्रीति मौर्य एवं किशन मौर्य
सांत्वना पुरस्कार (चतुर्थ स्थान): कक्षा 11 की संगीता एवं सोनिया
माननीय मंच द्वारा विजेता टीमों के प्रत्येक विद्यार्थी को आकर्षक पुरस्कार दिए गए, साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 36 प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मानक क्लब की ओर से सभी के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई तथा आरपी मुकेश मोदी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

