बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026

दिव्यांगता को मात देकर राजूराम ने किया सबसे पहले मतदान, दिया लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

कोलायत (बीकानेर), 30 अक्टूबर । पंचायत आम चुनाव 2026 के दौरान ग्राम पंचायत चानी के वार्ड संख्या 6 निवासी राजूराम ने शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाई।

pop ronak
bhikharam chandmal advertisment change 24 oct 2026

राजूराम ने अपनी शारीरिक दिव्यांगता को मतदान के आड़े नहीं आने दिया और पूरे उत्साह के साथ मतदान कर अपने नागरिक कर्तव्य का निर्वहन किया। उनका यह प्रयास समाज के अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणादायक संदेश है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

राजूराम ने अपने कार्य से “पहले मतदान, फिर जलपान”के संदेश को सार्थक सिद्ध किया। उनका यह कदम मतदान के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

स्थान: ग्राम पंचायत चानी, तहसील कोलायत, जिला बीकानेर (राजस्थान)।

===========

खेल प्रशिक्षकों के पंजीकरण के लिए शुरू हुआ ‘खेल मित्र’ पोर्टल, योग्य अभ्यर्थी कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

बीकानेर, 30 अक्टूबर। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने एवं खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर द्वारा ‘खेल मित्र’ पोर्टल शुरू किया गया है। क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र में विभिन्न खेलों के लिए योग्य एवं अर्हताधारी खेल प्रशिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष ने बताया कि निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी खेल मित्र पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, खेल संबंधी उपलब्धियों, प्रशिक्षण अनुभव एवं अन्य आवश्यक जानकारियों का पूर्ण विवरण दर्ज करना होगा। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर उपलब्ध पंजीकृत प्रशिक्षकों के विवरण एवं आवश्यकता के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों से संपर्क किया जा सकेगा। उन्हें साक्षात्कार अथवा अन्य निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए भी आमंत्रित किया जा सकता है।

जिला खेल अधिकारी ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण करवाने मात्र से प्रशिक्षक की नियुक्ति अथवा नियोजन की गारंटी नहीं होगी। प्रशिक्षकों का चयन राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के निर्धारित नियमों, उपलब्ध अवसरों तथा संबंधित खेलों में प्रशिक्षण की आवश्यकता के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी खेल मित्र पोर्टल पर http://khelmitra.rajasthan.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
========
एक से 7 नवंबर तक मनाया जाएगा ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’, प्रतिदिन पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कार्यक्रम होंगे आयोजित

बीकानेर, 30 अक्टूबर। पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सदुपयोग तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में 1 से 7 नवंबर तक ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने बताया कि इस सप्ताह के दौरान मिशन लाइफ के सात प्रमुख विषयों पर प्रतिदिन जागरूकता एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएगी। वन विभाग के उप वन संरक्षक जी. वेंकटेश को नोडल अधिकारी तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजकुमार को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

विभिन्न विषयों पर प्रतिदिन आयोजित होंगे जागरूकता कार्यक्रम

जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ एक नवंबर को होगा। इस दिन ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ विषय पर योग, फिटनेस गतिविधियां, वॉकथॉन, साइक्लिंग, सक्रिय गतिशीलता तथा पौधारोपण कार्यक्रम तथा 2 नवंबर को ‘ऊर्जा बचाएं’ अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में स्विच ऑफ ऑवर (बिजली बंद रखने का समय) अभियान चलाया जाएगा। घरेलू ऊर्जा बचत, ऊर्जा दक्ष उपकरणों तथा जिम्मेदार शीतलन के प्रति जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। इस प्रकार 3 नवंबर को ‘जल बचाएं’ विषय पर जल संरक्षण जागरूकता, जल लेखा परीक्षा, वर्षा जल संचयन तथा पारंपरिक जल प्रणालियों के संरक्षण एवं स्थानीय जल निकायों के पुनरुद्धार तथा 4 नवंबर को ‘सतत खाद्य प्रणालियां अपनाएं’ विषय के तहत बाजरा एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों को प्रोत्साहित करने, खाद्य अपशिष्ट में कमी लाने, खाद बनाने तथा रसोई बगीचों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों, संस्थाओं एवं स्थानीय बाजारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसी प्रकार 5 नवंबर को ‘एकल उपयोग प्लास्टिक को ना कहें’ अभियान के तहत प्लास्टिक मुक्त बाजार परिसर विकसित करने तथा पुनः उपयोग योग्य थैलों एवं बोतलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक के विकल्पों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसी श्रृंखला में 6 नवंबर को ‘ई-कचरा कम करें’ अभियान के तहत अधिकृत पुनर्चक्रण केंद्रों के माध्यम से ई-कचरा संग्रहण अभियान चलाया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समुदायों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत, पुनः उपयोग तथा जिम्मेदार निस्तारण के प्रति जागरूकता पैदा की जाएगी।
अभियान के अंतिम दिन 7 नवंबर को ‘कचरा कम करें’ विषय पर सामुदायिक स्वच्छता अभियान आयोजित होगा। इसके तहत कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही रिड्यूस एंड रीयूज सेंटर (आरआरसी) तथा स्थानीय कचरा प्रबंधन की अच्छी कार्यप्रणालियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने विभागीय अधिकारियों को पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के दौरान प्रभावी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पूर्ण

पालना सुनिश्चित करते हुए अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित गतिविधियों में संबंधित विभागों एवं कार्मिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं व्यवस्थित आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।
========

दीपावली पर भजनलाल सरकार की किसानों को बड़ी सौगात, बीकानेर को 114.02 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान

किसानों को बड़ी राहत, लंबे समय से लंबित फसल बीमा दावों का हुआ निस्तारण

बीकानेर, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 345 करोड़ रुपये के लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान किया है। वहीं बीकानेर को 114.02 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान किसानों को किया गया है। राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल से प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम की मार झेल रहे किसानों को आर्थिक संबल मिला है।

किसानों को बड़ी राहत, 114.02 करोड़ रुपये के दावों का भुगतान

कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि रबी 2025-26 के दौरान सूखे से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करते हुए राज्य सरकार ने अधिसूचित बीमा कंपनियों एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के माध्यम से लगभग 114.02 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान करवाया गया है।
इस पहल से सूखे के कारण फसल नुकसान का सामना करने वाले किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।

तहसील वार क्लेम राशि

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि तहसील छतरगढ़ के 9921 किसानों को 25.39 करोड रुपए की राशि, श्रीडूंगरगढ़ के 14917 किसानों को 30.98 करोड रुपए की राशि, तहसील लूणकरणसर के 17753 किसानों को 29.08 करोड रुपए की राशि, तहसील नोखा के 4486 किसानों को 15.81 करोड रुपए की राशि का क्लेम हस्तांतरण किया गया है अन्य तहसील बज्जू, बीकानेर, हदां, जसरासर, खाजूवाला, कोलायत व पूगल में भी राशि रू 12.83 करोड़ किसानों को क्लेम के पेटे स्थानांतरित की गई है।

किसानों की आर्थिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों के संरक्षण, कृषि क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण तथा खेती को सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सूखे एवं प्रतिकूल मौसम के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
दीपावली के अवसर पर लगभग 345 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान किसानों के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके परिश्रम के सम्मान और उनके परिवारों में खुशहाली लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राज्य सरकार किसानों की आय की सुरक्षा, कृषि जोखिमों को कम करने तथा संकट के समय अन्नदाताओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है।
=======
दिवाली पर सोना-चांदी खरीदने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगी सही तौल, नए नियम लागू

29 अक्टूबर से सोना-चांदी के व्यापार में निर्धारित मानकों वाले सटीक कांटों का उपयोग अनिवार्य

बीकानेर, 30 अक्टूबर 2026। दिवाली के त्योहार पर बड़ी संख्या में लोग सोना-चांदी खरीदते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को खरीदी गई बहुमूल्य धातु की सही मात्रा मिले और तौल में किसी प्रकार की गड़बड़ी से उन्हें आर्थिक नुकसान न हो, इसके लिए उपभोक्ता मामले विभाग, राजस्थान सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजस्थान विधिक मापविज्ञान (प्रवर्तन) (द्वितीय संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। ये नियम 29 अक्टूबर 2026 से लागू हो गए हैं।

संशोधित नियमों के अनुसार, सोना, चांदी एवं अन्य बहुमूल्य धातुओं की खरीद-बिक्री में Class I (विशेष सटीकता) या Class II (उच्च सटीकता) श्रेणी के ऐसे कांटों का उपयोग अनिवार्य होगा, जिनका सत्यापन अंतराल 1 मिलीग्राम या उससे कम हो। सरल शब्दों में, व्यापारियों को ऐसे निर्धारित मानकों वाले कांटों का उपयोग करना होगा, जो अत्यंत कम मात्रा में भी तौल की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उपयुक्त हों।

स्वर्णकारों एवं सर्राफा व्यापारियों के लिए जरूरी निर्देश

उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी स्वर्णकारों, सर्राफा व्यापारियों और बहुमूल्य धातुओं का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों से निम्नलिखित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है—

1. निर्धारित मानकों वाले कांटों का उपयोग करें: सोना, चांदी एवं अन्य बहुमूल्य धातुओं की तौल के लिए निर्धारित Class I या Class II श्रेणी के कांटों का ही उपयोग करें।
2. सटीकता सुनिश्चित करें: कांटे का सत्यापन अंतराल 1 मिलीग्राम या उससे कम होना चाहिए।
3. वैध सत्यापन प्रमाण-पत्र रखें: व्यापार में प्रयुक्त कांटों का नियमानुसार सत्यापन कराएं और उनका सत्यापन प्रमाण-पत्र वैध रखें।
4. नियमों का पालन करें: यदि वर्तमान में उपयोग किया जा रहा कांटा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, तो नियमों के अनुरूप कांटे की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सर्वोपरि

उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिवाली सहित पूरे वर्ष सोना-चांदी की खरीद-बिक्री में सही तौल और पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। विभाग ने सभी संबंधित व्यापारियों से नए प्रावधानों का पालन करने की अपील की है, ताकि उपभोक्ताओं को उनके भुगतान के अनुरूप बहुमूल्य धातु की सही मात्रा प्राप्त हो।

उपभोक्ताओं से अपील है कि दिवाली पर सोना-चांदी खरीदते समय तौल पर ध्यान दें और किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए राजस्थान उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 14435 पर संपर्क किया जा सकता है।
==========

नोखा में पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के हस्तांतरण का हुआ सीधा प्रसारण

सरदार पटेल जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों पशुपालक और किसान हुए शामिल

बीकानेर, 30 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर नोखा में सरदार पटेल को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड तथा दूधसागर नेशनल मेहसाणा जिला सहकारी दूध उत्पादक लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों दूध उत्पादक पशुपालकों और किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के डिजिटल हस्तांतरण का सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी स्क्रीन पर प्रसारण देखते हुए किसानों ने योजना के तहत राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया देखी। इस अवसर पर किसानों को कृषि सुधार, पशुधन बीमा और डेयरी विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

नोखा एवं बीकानेर अवशीतन केंद्र के प्रभारी सुरेश विश्नोई और सुनील ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। अमूल दूधसागर नेशनल के हेड नरेंद्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण भारत की असली ताकत है। अमूल किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अंत में बीकानेर जोन के ग्रुप हेड सुनील चोपड़ा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मयंक, विराज, उदय, लालचंद और तेजा सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
=========
31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा विशेष योग्यजन युवाओं से करेंगे संवाद

सपनों की उड़ान-असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम के मुख्य समारोह का होगा सीधा प्रसारण

बीकानेर, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम के तहत विशेष योग्यजन युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्य समारोह का प्रदेश के सभी जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा।

बीकानेर में जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विशेष योग्यजन युवाओं को अंग एवं उपकरण वितरित किए जाएंगे। साथ ही खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक, कला, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विशेष योग्यजन युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर विशेष योग्यजन युवाओं से उनकी उपलब्धियों तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा उन्हें उपलब्ध करवाए जा रहे सहयोग एवं सहायता के संबंध में संवाद करेंगे।
==========

पंचायत आम चुनाव-2026 : मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण जारी

बीकानेर, 30 अक्टूबर। राजस्थान पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत जिले में आगामी चरणों में होने वाले निर्वाचन के लिए नियुक्त मतदान अधिकारियों एवं प्रथम सहायक मतदान अधिकारियों का एक दिवसीय प्रथम प्रशिक्षण शुक्रवार को राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास) के ऑडिटोरियम तथा रवींद्र रंगमंच में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री पंकज शर्मा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारी पूर्ण निष्पक्षता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और किसी भी व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और अपनी सभी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही कर लेने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण सत्रों में दक्ष मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दोनों प्रशिक्षण स्थलों पर जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों के साथ-साथ पंच, सरपंच एवं उपसरपंच निर्वाचन से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दृश्य-श्रव्य माध्यमों से दी गई। इस दौरान निर्वाचन में प्रयुक्त की जाने वाली मल्टी पोस्ट मल्टी वोट मॉडल की ईवीएम मशीनों तथा मतपेटियों के संचालन एवं उपयोग को लेकर व्यावहारिक (हैंड्स-ऑन) अभ्यास भी करवाया गया।

प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण, प्रस्थान दिवस पर राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा।
=====
युवा मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीयन के लिए सात दिवस में विशेष अभियान पूरा करने के निर्देश

विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संस्थानवार सत्यापन, शिक्षा व्यवस्था से बाहर रह गए पात्र युवाओं का भी होगा चिन्हीकरण

एसएसआर-2027 के तहत 12 नवंबर से पहले आठ प्रपत्र भरकर जमा करवाने के निर्देश

बीकानेर, 30 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में पात्र युवा मतदाताओं एवं प्रथम बार मतदाताओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों की बैठक में अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी सात दिवस में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी जैन ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा विद्यालयी शिक्षा से जुड़े 17 से 19 वर्ष एवं इससे अधिक आयु वर्ग के युवाओं की सूची उपलब्ध करवाई गई है। इन सूचियों के आधार पर पात्र युवाओं का चिन्हीकरण कर उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महाविद्यालयों एवं अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र युवाओं तक व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से पहुंच बनाने तथा पंजीकरण से वंचित युवाओं के आवेदन प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया।

जैन ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र युवाओं के पंजीयन की स्थिति का सत्यापन किया जाए। पंजीकरण से शेष पात्र विद्यार्थियों के लिए आवश्यकतानुसार विशेष शिविर आयोजित कर आवेदन प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन के साथ-साथ युवा मतदाताओं के पंजीयन एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाए। निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करते हुए संबंधित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

संस्थानवार एवं विधानसभा क्षेत्रवार होगी प्रगति की समीक्षा

स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि नव मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीयन के लिए सभी निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में 29 अक्टूबर को स्वीप कैलेंडर जारी किया जा चुका है। शाला दर्पण के माध्यम से विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की सूची भी साझा की गई है।

अभियान के तहत संस्थानवार पात्र युवाओं की कुल संख्या, मतदाता सूची में पंजीकृत युवाओं की संख्या तथा पंजीकरण से शेष युवाओं का विवरण संकलित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को संस्थानवार एवं विधानसभा क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर दैनिक प्रगति की निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा व्यवस्था से बाहर रह गए पात्र युवाओं का भी होगा पंजीयन

अभियान के अंतर्गत औपचारिक शिक्षा व्यवस्था से बाहर रह गए पात्र युवाओं तक भी पहुंच बनाई जाएगी, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से ऐसे युवाओं का चिन्हीकरण कर उनका पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एसएसआर-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

प्रकाशन 4 जनवरी, 2027 को प्रस्तावित है। आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर, 2027 के लिए भी अग्रिम पंजीकरण आवेदन प्राप्त किए जा सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीकानेर पूर्व की निर्वाचन पंजीयन अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, बीकानेर पश्चिम की निर्वाचन पंजीयन अधिकारी श्रीमती रीना छींपा सहित जिले के ईएलसी नोडल एवं समन्वयक अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों ने वेबिनार के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि बैठक में दो प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें आगामी सात दिवस में पात्र युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीयन तथा 2 से 12 नवंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया से संबंधित तैयारियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार एसएसआर के तहत भरे जाने वाले आठ प्रपत्रों, जिनमें लिंगानुपात से संबंधित प्रपत्र भी शामिल हैं, को मतदाता सूची के प्रकाशन की निर्धारित तिथि 12 नवंबर से पूर्व भरकर जमा करवाना होगा।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2027 के संदर्भ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसएसआर-2027) निर्धारित किया गया है। इसके तहत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर, 2026 को तथा अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी, 2027 को प्रस्तावित है। आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर, 2027 के लिए भी अग्रिम पंजीकरण आवेदन प्राप्त किए जा सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीकानेर पूर्व की निर्वाचन पंजीयन अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, बीकानेर पश्चिम की निर्वाचन पंजीयन अधिकारी श्रीमती रीना छींपा सहित जिले के ईएलसी नोडल एवं समन्वयक अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों ने वेबिनार के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
=========

adv change on 24 oct 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *