

बीकानेर, 31 अक्टूबर । मांड गायिकी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली मांड कोकिला पदमश्री अल्लाह जिलाई बाई की स्मृति में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के तहत एक विशेष फोल्डर का लोकार्पण जयनारायण व्यास कॉलोनी में किया गया।


इस अवसर पर स्व. अल्लाह जिलाई बाई की पुत्रवधू श्रीमती रजिया अजीज, डॉ. अजीज अहमद सुलेमानी, सेंटर फॉर केटेलाइजिंग चेंज (सी-3) की शिक्षा पहल प्रमुख शबनम अजीज, फिल्मकार मंजूर अली चंदवानी, अयाज सुलेमानी, माही अयाज और अब्दुल वाहिद सहित परिवार के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।



अल्लाह जिलाई बाई मांड गायिकी प्रशिक्षण संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. अजीज अहमद सुलेमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि मांड कोकिला की 34वीं पुण्यतिथि आगामी 3 नवंबर को सुबह 11:30 बजे एक ऑनलाइन कार्यक्रम के रूप में मनाई जाएगी। इस वर्चुअल आयोजन में देश-विदेश के मांड संगीत प्रेमी जुड़ेंगे और उनके अद्वितीय मांड गायन व योगदान पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, जैसलमेर रोड स्थित बड़े कब्रिस्तान में स्थित उनकी मजार पर कुरानखानी और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

