

बीकानेर, 7 नवम्बर । बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की महत्वाकांक्षी जोड़बीड़ आवासीय योजना के विकास को गति देने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा की अध्यक्षता में जनसुनवाई व संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंत्री गोदारा ने कॉलोनी में तेजी से बसावट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से घोषणा की कि योजना में सबसे पहले मकान बनाकर रहने वाले शुरुआती 21 आवंटियों को बीडीए द्वारा निर्माण शुल्क में लगभग 70 हजार रुपये (लेबर सेस के अलावा) की छूट दी जाएगी। साथ ही, इन 21 आवंटियों के घरों में 50 हजार रुपये की लागत से रेन वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण भी बीडीए अपने खर्चे पर करवाएगा।


कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री ने बीकानेर के सर्वांगीण विकास को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का विजन बताते हुए जोड़बीड़ आवासीय कॉलोनी में 2 वर्ष में बनने वाले नए बीडीए कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में 35 करोड़ रुपये की लागत से आयुर्वेद महाविद्यालय तथा अन्य सरकारी कार्यालय स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए उन्होंने शिवबाड़ी चौराहे से मंदिर तक की 800 मीटर सड़क को 7 मीटर से बढ़ाकर 12 मीटर चौड़ा करने, रोड लाइटें लगाने, नाली निर्माण तथा शिवबाड़ी मंदिर से उष्ट्र अनुसंधान केंद्र तिराहे तक 2.6 किलोमीटर लंबी सड़क पर वाइट लाइनिंग व रोड लाइट दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।



कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि 30 करोड़ रुपये की पेयजल योजना जलदाय विभाग को स्वीकृति हेतु भेजी गई है, जिस पर जल्द काम शुरू होगा। सुरक्षा के लिए क्षेत्र में होमगार्ड के 6 जवान तैनात रहेंगे और विद्युत तंत्र के लिए बीकेईएसएल को 4.24 करोड़ रुपये हस्तांतरित कर दिए गए हैं।
मंत्री ने यह भी अनूठी घोषणा की कि योजना में पहला मकान बनाने वाले आवंटी के सुझाव पर मुख्य मार्ग तथा विभिन्न गलियों में पहला मकान बनाने वाले के सुझाव पर संबंधित गलियों का स्थायी नामकरण किया जाएगा। सड़कों के लिए 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ डिमार्केशन का कार्य जारी है। इस अवसर पर उप महापौर पंकज गहलोत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू, बीडीए उपायुक्त कुणाल राहड़ सहित कई अधिकारी व आवंटी उपस्थित रहे।

