

- बीकानेर छावनी पहुंचे मेघवाल और सैन्य संग्रहालय के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा
बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने दीपावली के उपलक्ष्य में बीकानेर छावनी का दौरा कर भारतीय सेना के जवानों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने सैनिकों के साथ दीप प्रज्वलित किए और उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय मंत्री ने सीमा पर डटे सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और उनके परिजनों के त्याग की सराहना करते हुए देश की सुरक्षा में उनके योगदान को अतुलनीय बताया।


छावनी भ्रमण के दौरान श्री मेघवाल ने प्रस्तावित लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह सैन्य संग्रहालय परियोजना को लेकर सैन्य अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने के लिए उन्होंने अपनी सांसद निधि से 20 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय बीकानेर व राजस्थान की समृद्ध सैन्य परंपरा, वीरता के इतिहास और भारतीय सेना के ऐतिहासिक योगदान को भावी पीढ़ियों के लिए सहेजने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।



उल्लेखनीय है कि 14 जुलाई 1919 को तत्कालीन बीकानेर रियासत के कुसुमदेसर गांव में जन्मे पद्म भूषण लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह ने बीकानेर गंगा रिसाला से अपनी सैन्य यात्रा शुरू की थी। वर्ष 1961 के गोवा मुक्ति अभियान, 1967 में नाथू ला में चीनी सेना के खिलाफ दृढ़ प्रतिरोध और 1971 के भारत-पाक युद्ध में मेघना नदी पार कर ढाका की ओर ऐतिहासिक सैन्य अभियान में उनकी निर्णायक भूमिका रही थी।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह संग्रहालय बीकानेर को राष्ट्रीय स्तर पर सैन्य विरासत और पर्यटन के प्रतिष्ठित केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना के समयबद्ध और उच्च गुणवत्तायुक्त क्रियान्वयन के निर्देश दिए ताकि युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने वाले इस केंद्र को शीघ्र मूर्त रूप दिया जा सके।

