

बीकानेर, 12 नवम्बर। बीकानेर में पहली बार एक ही छत के नीचे 11 दिनों तक पांच अलग-अलग धार्मिक कथाओं का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सेवन स्टार फाउण्डेशन एवं सनातन मित्रमंडल के संयुक्त तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा प्रतिदिन रासलीला का मंचन भी किया जाएगा। बाहेती भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजन का पोस्टर विमोचित करते हुए सीएम महेन्द्र चूरा ने इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।


महोत्सव के अंतर्गत 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12.15 बजे से शाम 5.15 बजे तक विभिन्न कथावाचकों द्वारा पांच अलग-अलग कथाओं का वाचन किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 22 व 23 दिसंबर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास श्रीमद् देवी भागवत कथा, 24 व 25 दिसंबर को पं. आशाराम व्यास शिव महापुराण कथा तथा 26 व 27 दिसंबर को पं. संजय व्यास श्रीराम कथा का वाचन करेंगे। इसके पश्चात 28 व 29 दिसंबर को कोलकाता के पं. लक्ष्मीकांत व्यास श्री बाबा रामदेव चरित कथा और 30 व 31 दिसंबर को पं. मुरली मनोहर व्यास श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराएंगे। इसके अतिरिक्त, 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा दिव्य रासलीला की प्रस्तुति दी जाएगी।



11 दिवसीय पंच पावन कथा महोत्सव का शुभारंभ आयोजन से एक दिन पूर्व भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह कलश यात्रा दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मून्दड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए कथा स्थल ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी, जहां मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। कलश यात्रा के समापन पर शाम 6 बजे बीकानेर मानस परिवार द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा, जिसकी पूर्णाहुति पर पूनरासर हनुमान मंदिर परिवार की ओर से महाआरती की जाएगी।
इस संपूर्ण आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को देश व शहर के अनेक प्रतिष्ठित साधु-संतों का सानिध्य प्राप्त होगा। महोत्सव में काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम बीकानेर के श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, श्री नवलेश्वर मठ के शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज तथा बाल संत छैल बिहारी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कथा की पूर्णाहुति के अवसर पर 31 दिसंबर को विशाल महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर आयोजित इस पत्रकार वार्ता में पंडित राजेंद्र किराडू, कन्हैया लाल जोशी, जगत नारायण कल्ला, भंवर पुरोहित, दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविन्दनारायण चूरा, श्याम सुंदर व्यास, महीधर नारायण पुरोहित, कमल, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोरधन बिन्नाणी, पं. सुशील किराडू, पं. अशोक किराडू, राधेश्याम सोनी, विनोद सोनी, घनश्याम सोनी, नंद किशोर चांडक, हरगोपाल पुरोहित, कमल नारायण पुरोहित, हरिनारायण चूरा, सुरेन्द्र कुमार चूरा, कैलाश राठी, रामकुमार अग्रवाल, अशोक आचार्य, नरेश पुरोहित, अशोक बिस्सा, भंवर उपाध्याय, वीरेन्द्र किराडू, गोविन्द व्यास, इन्द्र जोशी, महावीर सांखला, संतोष पुरोहित, राजेन्द्र व्यास, श्रीकांत व्यास, राजकुमार व्यास और बालकिशन व्यास सहित बड़ी संख्या में आयोजन समिति के सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

