

बीकानेर, 27 नवम्बर । विकसित भारत नशा मुक्त अभियान संकल्प कार्यक्रम के तहत बिनानी कन्या महाविद्यालय में संवाद कार्यक्रम और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. विजय शंकर बोहरा के दिशा-निर्देशन में छात्राओं ने नशा मुक्ति के संदेशों वाले पोस्टरों के साथ रैली निकाली, जो महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर गोकुल सर्किल चौराहे और गणेश मंदिर होते हुए पुनः परिसर पहुंची।


संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दम्माणी अस्पताल (पीबीएम) के मानसिक रोग व नशा मुक्ति विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विजय शंकर बोहरा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए युवाओं में बढ़ती नशाखोरी के पीछे सहपाठी दबाव, असफलताओं और पारिवारिक दूरी जैसे कारणों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती शौक धीरे-धीरे आदत में बदल जाता है क्योंकि नशे से शरीर में हैप्पीनेस हार्मोन का स्राव होता है, लेकिन शुरुआती चरण में काउंसलिंग से इसे आसानी से छोड़ा जा सकता है और नियमित चिकित्सा व काउंसलिंग से यह बीमारी भी दूर की जा सकती है। डॉ. बोहरा ने कहा कि केवल नशीले पदार्थ ही नहीं, बल्कि हर वह आदत जो मानसिक व शारीरिक क्षमता को प्रभावित करे, नशे के दायरे में आती है, जिससे बचने के लिए ध्यान, सकारात्मक माहौल और परिस्थितियों से जूझने की क्षमता जरूरी है।



महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अरुणा आचार्य ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि खुशहाल और विकसित भारत के निर्माण के लिए नशे से दूरी आवश्यक है। इस अवसर पर रासेयो प्रभारी डॉ. राम कुमार व्यास ने अपनी स्वलिखित कविता ‘नशा छोड़ें देश को जोड़ें’ का पाठ किया। आयोजन में रासेयो प्रभारी डॉ. सीमा बिस्सा, डॉ. ऋचा जोशी, कंप्यूटर विभागाध्यक्ष मुकेश बोहरा, समस्त स्टाफ व छात्राओं ने स्वयं नशा न करने व दूसरों को भी रोकने का संकल्प लिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी व्याख्याता गजानंद व्यास ने किया।

