

बीकानेर, 27 नवम्बर । बीकानेर विकास मंच और वन्देमातरम टीम ने रेलवे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं व यात्री सुविधाओं को लेकर शुक्रवार शाम 4:00 बजे उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) को संयुक्त ज्ञापन सौंपा। दो पृष्ठों के इस ज्ञापन में एक पत्र मंडल रेल प्रबंधक, बीकानेर और दूसरा पत्र रेल मंत्री, भारत सरकार को संबोधित किया गया।


एडीआरएम ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि बीकानेर जंक्शन के सामने तिरंगा ध्वज पुनः स्थापित करने के विषय पर रेलवे विभाग की दो बैठकों में चर्चा हो चुकी है तथा निर्णय की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कागजी कार्रवाई पूर्ण होते ही उसी स्थान पर तिरंगा लगाया जाएगा। मंच के संयोजक विजय कोचर ने मांग की कि तिरंगे को 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस से पूर्व उसी स्थान पर स्थापित किया जाए।



रेल मंत्री के नाम ज्ञापन में यशवंतपुर ट्रेन का प्रतिदिन संचालन, बीकानेर से चंडीगढ़, उदयपुर व अजमेर के लिए नई ट्रेनों की शुरुआत, बंद चंडीगढ़-कालका ट्रेन को पुनः शुरू करने, जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर स्वचालित सीढ़ियां व लिफ्ट लगाने, गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने, एलिवेटेड रोड कार्य में तेजी लाने, ठंडे पानी की मशीनों व पेयजल व्यवस्था सुधारने, लगेज स्कैनर मशीन लगाने और सुरक्षा गार्डों की नियमित व्यवस्था करने की मांगें शामिल की गईं। प्रवक्ता कामिनी विमल भोजक मैया ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष संतोष बांठिया, संयोजक विजय कोचर, भंवर पुरोहित, लक्ष्मण पुरोहित, शिवलाल तेजी, पुरुषोत्तम सुथार, जसोदा खत्री, मनोज पारीक, भवानी सुथार व अमित सिंह परिहार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

