

बीकानेर, 28 नवम्बर । भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में 23 से 27 नवंबर तक आयोजित पांच दिवसीय 71वीं राजस्थान राज्य टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें बीकानेर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स्ड डबल्स में स्वर्ण पदक सहित विभिन्न वर्गों में पदक अपने नाम किए। आयोजन सचिव बेनो अन्थोनी ने बताया कि समापन समारोह के मुख्य अतिथि टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व महासचिव धनराज चौधरी थे, अध्यक्षता आकाश सक्सेना ने की तथा विशिष्ट अतिथियों में डॉ. गौरव कपूर, नरेंद्र अग्रवाल, महेंद्र अवस्थी, सुधीर प्रताप, डॉ. प्रेम सिंह कुंतल और जिला टेबल टेनिस संघ बीकानेर के सचिव भवानी सिंह मौजूद रहे, जबकि पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए।


मुकाबलों के परिणामों में मिक्स्ड डबल्स के फाइनल में बीकानेर के प्रियांश सिंह भाटी और यशु सांखला की जोड़ी ने जयपुर के सौरव कपूर और राधिका सोनी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। पुरुष टीम वर्ग में बीकानेर (प्रियांश सिंह भाटी, अरमान बांठिया, विश्वानन्द सोलंकी, अविनाश सिंह राठौड़, उदयवीर सिंह) ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि महिला टीम वर्ग (अंजली सिंह, प्रानशी मिश्रा, गुंजन बिठु, यशु सांखला), अंडर-19 बालक टीम (अरमान बांठिया, उदयवीर सिंह, वेदान्त बंसल, प्रांशु स्वामी) और अंडर-19 बालिका टीम (अंजली सिंह, यशु सांखला, अतिया खान, मायरा) में बीकानेर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।



व्यक्तिगत वर्गों में महिला एकल में समृद्धि व्यास (जयपुर) प्रथम, राधिका सोनी (जयपुर) द्वितीय तथा प्राशी मिश्रा (बीकानेर) व प्रियंशी शर्मा (कोटा) संयुक्त रूप से तृतीय रहीं, जबकि पुरुष एकल में यथार्थ बर्थुनिया (कोटा) प्रथम, हर्ष श्रीवास्तव (जयपुर) द्वितीय तथा प्रियांश सिंह भाटी व अरमान बांठिया (दोनों बीकानेर) तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 बालिका एकल में समृद्धि व्यास (जयपुर) प्रथम, राधिका सोनी (जयपुर) द्वितीय तथा अंजलि सिंह (बीकानेर) व प्रियंशी शर्मा (कोटा) तृतीय रहीं, वहीं अंडर-19 बालक एकल में अरिंजय कुछल (जयपुर) प्रथम, सौरव कपूर (जयपुर) द्वितीय तथा उदयवीर सिंह (बीकानेर) व प्रखर बग्गा (जयपुर) तृतीय स्थान पर रहे।

