

बीकानेर, 29 नवम्बर । भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय में रविवार, 29 नवंबर को महिला आरक्षण एवं परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसे बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण की दिशा तय हुई थी और अब इसके प्रभावी क्रियान्वयन की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं, जिसके तहत 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र में संबंधित संशोधन एवं परिसीमन विधेयकों को सूचीबद्ध किया गया है।


सिद्धि कुमारी ने कहा कि महिला नेतृत्व में विकास विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है और प्रतिनिधित्व बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, रोजगार व स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर नीति निर्माण अधिक सशक्त होगा। उन्होंने परिसीमन के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलती जनसंख्या व सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रतिनिधित्व का संतुलन जरूरी है और प्रस्तावित कदमों में महिला प्रतिनिधित्व, एससी-एसटी महिलाओं की भागीदारी व राज्यों के हितों का ध्यान रखा गया है।



भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि पार्टी महिला सशक्तीकरण व राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और संवैधानिक मर्यादा, पारदर्शिता व राज्यों के हितों का सम्मान करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। प्रेस वार्ता में विधि प्रकोष्ठ सह संयोजक सुमन शेखावत, महामंत्री श्याम सिंह हांडला व मीडिया संयोजक मनीष सोनी मौजूद रहे।

