

बीकानेर, 29 नवम्बर । नापासर थाना क्षेत्र के गुसाईंसर गांव में नेशनल हाईवे-11 स्थित एक होटल पर बैठे हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप निम्बड़िया की कैंपर गाड़ी में आए नकाबपोश बदमाशों ने लाठी और सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह वारदात शनिवार शाम करीब 6 बजे हुई, जिससे होटल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामस्वरूप निम्बड़िया को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, वहीं कुछ हमलावरों के भी चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना पर गंगाशहर सीओ प्रहलाद राय ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है, घटनास्थल पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है और नकाबपोश आरोपियों की तलाश के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



पुलिस के अनुसार मृतक रामस्वरूप निम्बड़िया नापासर थाने का हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट, हत्या के प्रयास और लूट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जबकि मार्च 2025 में बीछवाल थाने में भी उसके विरुद्ध मारपीट का प्रकरण दर्ज हुआ था।

