बीकानेर में वंदे मातरम् मातृशक्ति टीम की अनूठी पहल
बीकानेर में वंदे मातरम् मातृशक्ति टीम की अनूठी पहल

- ‘नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन’ अभियान के तहत हुए भव्य आयोजन
बीकानेर, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर वंदे मातरम् मातृशक्ति टीम, बीकानेर द्वारा संचालित अनूठी पहल ‘नौ दिन, नौ स्वरूप, नौ दिन कन्या पूजन’ के तहत विभिन्न स्थानों पर भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य कन्याओं के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना करना तथा समाज में नारी शक्ति के सम्मान व सनातन संस्कारों को सुदृढ़ करना है।


टीम की सदस्य ममता सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में मुरलीधर कॉलोनी स्थित आशुतोष महादेव मंदिर में कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जहाँ मां स्वरूपा कन्याओं का विधिवत पूजन कर मंगलकामना की गई। इसके अगले क्रम में आज टीम की सदस्य गीता खड़खोदिया के निवास स्थान पर भी कन्या पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इन दोनों आयोजनों में वंदे मातरम् मातृशक्ति टीम की अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया, सुधा आचार्य, गीता खड़खोदिया, ममता सिंह सिसोदिया, अक्षी और खुश ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


टीम की अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक मैया ने कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा मात्र नहीं है, बल्कि यह समाज में बेटियों के प्रति आदरभाव जागृत करने और नारी शक्ति के सम्मान का सशक्त माध्यम है। इस पहल के जरिए नवरात्रि के नौ दिनों तक कन्याओं के पूजन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

