राजराजेश्वरी नगर में मनेगा आचार्य श्री महाश्रमणजी का जन्मोत्सव और पट्टोत्सव; उमड़ेगा तेरापंथ समाज
राजराजेश्वरी नगर में मनेगा आचार्य श्री महाश्रमणजी का जन्मोत्सव और पट्टोत्सव; उमड़ेगा तेरापंथ समाज



बेंगलुरु,11 अप्रैल। जैन तेरापंथ धर्मसंघ के 11वें अनुशास्ता, युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी का 65वां जन्मोत्सव और 17वां पट्टोत्सव इस वर्ष बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर (आरआर नगर) में अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। 26 अप्रैल 2026, रविवार को आयोजित होने वाले इस मुख्य समारोह को लेकर तेरापंथ श्रावक समाज में भारी उत्साह है।


यह पावन आयोजन विद्वान सुशिष्य डॉ. मुनिश्री पुलकित कुमारजी ठाणा-2 एवं साध्वी पावन प्रभाजी ठाणा-4 के मंगल सान्निध्य में तेरापंथ सभा भवन, राजराजेश्वरी नगर में संपन्न होगा। कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर सभा अध्यक्ष राकेश छाजेड़ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुनिश्री से मार्गदर्शन प्राप्त कर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।


साध्वी श्री का होगा मंगल प्रवेश, भक्ति और जप से गूँजेगा भवन
तेरापंथ सभा के मंत्री गुलाब बाँठिया ने बताया कि साध्वी श्री पावनप्रभा जी मैसूर-मांड्या से बिडदी होते हुए 25 अप्रैल को राजराजेश्वरी नगर में मंगल प्रवेश करेंगी। उसी दिन शनिवार रात्रि 8 से 10 बजे तक आचार्य श्री महाश्रमण अभिवंदना के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें महिला मंडल द्वारा ‘जपानुष्ठान’ और तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) द्वारा ‘भक्ति संध्या’ का आयोजन किया जाएगा।
बेंगलुरु स्तरीय श्रावक समाज को आमंत्रण
डॉ. मुनिश्री पुलकित कुमारजी ने समस्त बेंगलुरु जैन तेरापंथ समाज का आह्वान किया है कि वे इस गरिमामय अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता अभिव्यक्त करें। मुनिश्री ने कहा कि आचार्य श्री के संयम और करुणा के संदेश को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची अभ्यर्थना होगी।
बैठक के दौरान राजराजेश्वरी नगर सभा के उपाध्यक्ष राजेश छाजेड़, कोषाध्यक्ष देवेन्द्र नाहटा, कार्यकारिणी सदस्य सुशील भंसाली (छापर) के साथ-साथ बन्नेरघट्टा तेरापंथ सभा के अध्यक्ष राजकुमार कोटेचा, मंत्री दिलीप खटेड़ और उपाध्यक्ष संतोष सरिता गोठी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
