एसकेआरएयू में 1 व 2 दिसंबर को आयोजित होगा ‘एग्रीकॉन-2026’ अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी

कृषि नवाचार और टिकाऊ खेती पर रहेगा विशेष फोकस


बीकानेर, 19 अक्टूबर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू) में कृषि क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 1 व 2 दिसंबर 2026 को ‘एग्रीकॉन-2026’ अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इको फास्ट एग्री सोल्यूशन और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी, शोधकर्ता और छात्र हिस्सा लेंगे, जिसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है।



छात्र कल्याण निदेशक व नोडल अधिकारी डॉ. एच.एल. देशवाल ने बताया कि इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य कृषि संसाधनों के संरक्षण के साथ फसल उत्पादकता में सुधार लाना है। इसमें जलवायु अनुकूल खेती, स्मार्ट फार्मिंग, जैविक खेती, पशुपालन, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन होगा। साथ ही, विभिन्न सत्रों में शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। कुलगुरु डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे ने आयोजन के फोल्डर का विमोचन करते हुए कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी से मिलने वाले निष्कर्षों और कृषि तकनीकों से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

