बीकानेर भाजपा ने मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग ने बनाई बूथ स्तर तक पहुँच की रणनीति
बीकानेर भाजपा ने मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग ने बनाई बूथ स्तर तक पहुँच की रणनीति



बीकानेर,10 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी, बीकानेर शहर द्वारा संगठनात्मक ढांचे को डिजिटल रूप से अभेद्य बनाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग के पदाधिकारियों ने आगामी प्रचार रणनीति और आपसी समन्वय पर गहन मंथन किया।


बैठक के मुख्य वक्ता, प्रदेश प्रवक्ता एवं शहर मीडिया प्रभारी नवनीत राजपुरोहित ने स्पष्ट किया कि अब संगठन की शक्ति केवल रैलियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे बूथ स्तर तक डिजिटल रूप में ले जाया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर मीडिया और आईटी की सक्रिय टीम गठित करने का रोडमैप साझा किया, ताकि पार्टी का संदेश सीधे मतदाता के मोबाइल तक पहुँच सके।


जनता तक पहुँचेंगे ‘मुख्यमंत्री’ के जनहितैषी कार्य
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बैठक के एजेंडे की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सरल भाषा में प्रचार करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में यह तय किया गया कि मुख्यमंत्री की योजनाओं के लाभों को आमजन तक पहुँचाने के लिए वीडियो, ग्राफ़िक्स और डेटा-आधारित कंटेंट का व्यापक उपयोग किया जाएगा।
दुष्प्रचार का ‘डिजिटल’ जवाब और आईटी सुदृढ़ीकरण
सोशल मीडिया टीम को निर्देश दिए गए कि वे न केवल सकारात्मक संदेशों का प्रसार करें, बल्कि विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ त्वरित जवाब दें। आईटी विभाग को तकनीकी रूप से उन्नत कंटेंट तैयार करने और डेटा मैनेजमेंट के माध्यम से प्रभावी प्रचार सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक के दौरान जिला महामंत्री श्याम सिंह हाड़ला, जिला प्रवक्ता दुष्यंत तंवर और विनोद धवल सहित मीडिया विभाग से शिखरचंद डागा और उपासना जैन मौजूद रहीं। सोशल मीडिया और आईटी विंग से चंद्रप्रकाश गहलोत, चंद्रशेखर शर्मा, मंजुषा भास्कर, हरीश भोजक और अंकुश चोपड़ा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
