बीकानेर के सरकारी समाचार

bikaner govt news बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
  • वंदे गंगा, जल संरक्षण अभियान : स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बीकानेर, 2 जून। वंदे गंगा, जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में मंगलवार को स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई कर जमी हुई धूल-मिट्टी हटाई तथा वर्षा जल संग्रहण के लिए निर्मित नालियों की सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

कार्यक्रम में विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पुरोहित, अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगारिया, राजेश पूनिया एवं गिरधारी लाल, अधीक्षक रासायनिक डॉ. मनोज कुमार शर्मा सहित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता तथा विभागीय कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के बैठक कक्ष में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण विषयक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। गोष्ठी में जल संग्रहण की तकनीकों, वर्षा जल संरक्षण तथा जलप्रदाय व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

pop ronak

कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विधायक व्यास ने कहा कि वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल रिसाव अथवा पाइपलाइन क्षति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देने चाहिए।

गोष्ठी में अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पुरोहित ने विभाग की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी दी। वहीं अधीक्षक रासायनिक डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जल गुणवत्ता परीक्षण एवं उससे संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम में मोतीलाल हर्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता रामकुमार व्यास, शिवकुमार रंगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधीक्षण अभियंता राजेश पूनिया ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
======

  • स्वच्छ भारत मिशन की बैठक 8 जून को

बीकानेर, 2 जून। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की कार्यकारी परिषद की बैठक का आयोजन जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में 8 जून को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर सभागार में होगा। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पाण्डे ने बताया कि बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए आवंटित लक्ष्यों के अनुमोदन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा मिशन की वर्तमान प्रगति की समीक्षा, ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायतों में बर्तन बैंक स्थापित करने संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श होगा।उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को बैठक में आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
=====

  • स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा पहुंचे सर्किट हाउस, जनप्रतिधियों ने की अगवानी

बीकानेर, 2 जून। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा के मंगलवार को सर्किट हाउस पहुंचने पर जनप्रतिधियों ने उनकी अगवानी की।

खर्रा, उदयरामसर में सीआरपीएफ के शहीद हवलदार श्री गजराज सिंह की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में भाग लेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। श्री खर्रा बुधवार प्रातः 10 बजे सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। प्रातः 11.30 सड़क मार्ग से श्रीमाधोपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

यहां सर्किट हाउस पहुंचने पर श्रीमती सुमन छाजेड़, श्याम सिंह हाडला, रमजान अब्बासी, श्रीमती मंजूषा भास्कर, मुकेश ओझा और विनोद करोल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनकी अगवानी की।
=====

  • सडक सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय, शीघ्र पूर्ण करें ट्रैफिक पार्क का कार्य
  • जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक

बीकानेर, 2 जून। देश में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक संख्या दुपहिया वाहनों की है। यह जानकारी आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञ पंकज मेहरा ने मंगलवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक से पूर्व हुई ऑनलाइन कार्यशाला में दी।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी में निर्मित नए ट्रैफिक पार्क को पूर्ण करने, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने, स्कूलों में ट्रैफिक जागरूकता शिविर आयोजित करने, सभी टोल नाकों पर नियमित आई चेकअप कैंप लगाने तथा अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए।

  • ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश

बैठक में एनआईसी डीआरएम महेश कुमार शर्मा ने जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स की जानकारी देते हुए बताया कि रायसर-बीकानेर रोड के पांच किलोमीटर क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों में 22 दुर्घटनाओं में 24 लोगों की मृत्यु हुई तथा 15 व्यक्ति घायल हुए। इसी प्रकार उदयराम फांटा, हियांदेसर फांटा और नापासर चौराहे पर भी गंभीर सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि जयपुर रोड पर डिवाइडर में बने 33 कटों में से 21 कट बंद किए जाने से दुर्घटनाओं में कमी आई है। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

  • पीएम राहत योजना से मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार

जिला कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को प्रधानमंत्री राहत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी टोल नाकों पर योजना संबंधी होर्डिंग्स लगाने को भी कहा। आईरैड डीआरएम श्री महेश कुमार शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 13 फरवरी 2026 को प्रारंभ की गई इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना के प्रत्येक पीड़ित को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर पैनल अस्पताल में भर्ती होना आवश्यक है।

  • 15 दिन में शुरू होगा नया ट्रैफिक पार्क

जिला कलेक्टर ने आरएसआरडीसी अधिकारियों को मुरलीधर व्यास कॉलोनी में निर्मित ट्रैफिक पार्क का काम आगामी 15 दिनों में शुरू करने तथा इसे शीघ्र परिवहन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित विजिट कराकर उनमें यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित की जाए।

  • टोल नाकों पर नियमित होंगे आई चेकअप कैंप

बैठक में चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए गए कि जिले के सभी टोल नाकों पर प्रत्येक माह वाहन चालकों के लिए नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि पिछले माह आयोजित शिविर में 56 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई तथा 12 व्यक्तियों को चश्मे वितरित किए गए।

  • स्कूलों में बढ़ेगी ट्रैफिक जागरूकता

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक)श्री किशन दान चारण ने बताया कि जिले की 563 विद्यालयों में ट्रैफिक क्लब गठित किए जा चुके हैं। जिला कलेक्टर ने स्कूल वाहनों की नियमित जांच करने तथा विद्यालयों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा।

  • अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश

जिला कलेक्टर ने नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण को शहर में लगे अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नाल रोड पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा जालियों की तत्काल मरम्मत करवाने तथा ईडार पोर्टल की लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में डीटीओ श्रीमती भारती नाथानी ने बताया कि गत माह 124 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए। बैठक में एसई पीडब्ल्यूडी अधिशाषी अभियंता विमल गहलोत, डीटीओ श्रीमती भारती नथानी,डिप्टी सीएमएचओ डॉ लोकेश गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक किशन दान चारण, ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेश निर्वाण, पीडब्ल्यूडी अधिशाषी अभियंता श्रीमती संजू शेखावत, मनोज कुमार दुबे, अधिशाषी अभियंता एनएच हनुमान रतनू, अंकित कुमार, एनएचएआई से सुधीर बराला, आर.एन.सिंह, सुश्री श्रेया सिंह, सुरेश सिंह, सहायक अभियंता गोपी किशन तंवर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
=====

 

sesumo school
sjps