बीकानेर के सरकारी समाचार

bikaner govt news बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026

अपना घर आश्रम, नोखा में टीबी एवं आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर, 10 जून। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नोखा स्थित अपना घर आश्रम में टीबी एवं आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया।

pop ronak

शिविर का निरीक्षण राज्य स्तर से आए अधिकारी श्री सुनील गुप्ता ने किया। उन्होंने शिविर में की जा रही गतिविधियों का अवलोकन किया तथा रेडियोग्राफर से टीबी जांच एवं स्क्रीनिंग संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) श्री चिराग भार्गव ने अपना घर आश्रम के कर्मचारियों एवं सहयोगियों का शिविर आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

श्री गुप्ता ने निक्षय मित्र योजना के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक लोगों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सी. एस. मोदी के निर्देशन में जिलेभर में टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा गांव-गांव और ढाणी-ढाणी टीबी जागरूकता का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

एसटीएस श्री जगदीश कुमार रोकणा ने नोखा क्षेत्र के भामाशाहों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने का आग्रह किया।

शिविर के दौरान आश्रम में निवासरत प्रभुजनों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। उनके शुगर, रक्तचाप (बीपी), ऊंचाई, वजन तथा छाती के एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। शिविर का मुख्य उद्देश्य टीबी रोग की समय पर पहचान कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा।

इस सेवा कार्य में एसटीएलएस श्री जगदीश कुमार रोकणा, रेडियोग्राफर श्री प्रवीण कुमार मीणा, नर्सिंग ऑफिसर श्री नितेश सिंह तथा नर्सिंग ऑफिसर श्री पवन कुमार बिश्नोई ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ प्रभुजनों की जांच एवं स्क्रीनिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया।

अपना घर आश्रम, नोखा परिवार ने चिकित्सा टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर स्वास्थ्य सुरक्षा एवं जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

=================

नारी चौपाल- नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित

महिलाओं के सशक्तिकरण. स्वावलंबन एवं जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर
महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत वितरित किए गए स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि

बीकानेर, 10 जून। महिलाओं के नेतृत्व एवं निर्णय क्षमता को बढ़ावा देने, राजकीय योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रवीन्द्र रंगमंच पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, विशिष्ट अतिथि संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, श्रीमती सुमन छाजेड़, श्री श्याम पंचारिया थे।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित महिला केन्द्रित योजनाओं एवं सेवाओं पर संवाद आयोजित किया गया। साथ ही बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा, एनीमिया नियंत्रण, लिंगानुपात सुधार तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही राजीविका से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूहों को भी लाखों रुपये के चेक प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि समाज में लड़के और लड़कियों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार दिए जाएं तो परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास सुनिश्चित होता है। संस्कारों के अभाव में ही अधिकांश सामाजिक समस्याएं जन्म लेती हैं।

संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा ने महिलाओं एवं किशोरियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। एडीएम प्रशासन श्री उम्मेद सिंह रतनू ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्रीलालाधर पंवार ने पालनहार, पेंशन, कन्यादान तथा सुखद दांपत्य जीवन जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

आरएसी तृतीय बटालियन की कमांडेंट श्रीमती सीमा हिंगोनिया ने साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षा सखी अभियान की जानकारी देते हुए महिलाओं से डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने राजकोप एप की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। महिला अधिकारिता विभाग उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाडो प्रोत्साहन योजना, सामूहिक विवाह अनुदान, सखी वन स्टॉप सेंटर, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की उपयोगिता बताई।

राजीविका डीपीएम श्री दिनेश मिश्रा ने लखपति दीदी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। सीएमएचओ डॉ पुखराज साध ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं तथा समय पर टीकाकरण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर दिया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री सुभाष बिश्नोई ने पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं टीकाकरण संबंधी योजनाओं की जानकारी साझा की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत वीणा नृत्य अकादमी की बालिकाओं ने प्रेरणादायी प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। क्लच फाउंडेशन के प्रशिक्षक हेम शर्मा ने साइबर सुरक्षा विषय पर उपयोगी जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम का संचालन प्रवीण शर्मा ने किया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला अधिकारिता विभाग, राजीविका, चिकित्सा विभाग, कृषि विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों की लगभग 350 महिलाएं उपस्थित रहीं। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सभी ब्लॉकों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल 510 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

==============

केंद्र सरकार के बारह वर्ष : बड़ा गणेश मंदिर और करणी माता मंदिर सहित जिले भर के मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना

विधायक जेठानंद व्यास और श्री अंशुमान सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बीकानेर, 10 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल की पूर्णता के उपलक्ष्य में बुधवार को देवस्थान विभाग की ओर से प्रदेश में विशेष पूजा-अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

बीकानेर जिले में भी देश-प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए तथा जनकल्याण व लोकमंगल की कामना से विभिन्न स्थानों पर विशेष पूजा अर्चना हुई। जिला स्तरीय कार्यक्रम मंदिर नत्थूसर गेट के बाहर स्थित श्री बड़ा गणेश जी और देशनोक स्थित श्री करणी माता देशनोक में हुए।

बड़ा गणेश मंदिर में हुए कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, श्रीमती सुमन छाजेड़, श्री दीपक पारीक, श्री चंपालाल गैदर, श्री अविनाश जोशी, श्री चंद्र मोहन जोशी, श्री संपत पारीक सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। श्रीमती सुधा आचार्य ने शंखनाद से इसकी शुरुआत की। इस दौरान पंडितों द्वारा भगवान गणेश की विशेष पूजा की गई।

विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने गत बारह वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प की ओर हम तेजी से बढ़ रहे हैं।

वहीं देशनोक में आयोजित कार्यक्रम में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, श्याम पंचारिया, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में दर्शन किए। इस बार उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य सरकार द्वारा यह अभिनव कार्यक्रम किया गया है। इस अवसर करणी माता मंदिर प्रन्यास से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रत्येक तहसील स्तर पर भी विभिन्न मन्दिरो में उपखण्ड अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पूजन का कार्यक्रम आयोजित हुए। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी के निर्देशन में निरीक्षक श्रीमती सोनिया रंगा, प्रबंधक राजेश दाधीच, किशोर, महेश, रितेश, गोपाल, राजेन्द्र, सोनू, कैलाश और संदीप आदि ने व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन किया।

सोनी ने बताया कि कोलायत में कपिल मुनि मंदिर, नोखा में मुकाम धाम, खाजूवाला में हनुमान मंदिर, बज्जू में शिव मंदिर, लूणकरणसर में लक्ष्मी नारायण मंदिर, छत्तरगढ़ में शिव मंदिर, पूगल में बाबा रामदेव मंदिर, श्रीडूंगरगढ़ में हनुमान धोरा में विशेष आरती करवाई गई।

इसी प्रकार चूरू में गढ़ गोपाल मंदिर, रतनगढ़ में रघुनाथ मंदिर, राजगढ़ में लक्ष्मीनारायण मंदिर, तारानगर में लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, बीदासर में सिद्धि विनायक मंदिर, सरदारशहर में रघुनाथ मंदिर में विशेष आरती की गई। सभी स्थानों पर जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
======
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पंचायत समिति पांचू क्षेत्र में किया सघन निरीक्षण

बीकानेर, 10 जून। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने बुधवार को पंचायत समिति पांचू क्षेत्र का सघन दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पांचू में सीवरेज सिस्टम निर्माण कार्य का अवलोकन किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे तय समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा आमजन को होने वाली सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।

इसके बाद उन्होंने राजीविका के श्यामा प्रसाद उत्थान मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन सीएलएफ भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन में ऐसे केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।

श्रीमती पांडे ने ग्राम पंचायत जांगलू में सामुदायिक भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की उपयोगिता और निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को बेहतर सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत जेगला में विकसित भारत ग्राम योजना के अंतर्गत चारागाह (फॉडर डेवलपमेंट) हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि विकास एवं चारागाह विकास से संबंधित संभावनाओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है तथा आमजन को समय पर लाभ मिल पाता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका तलानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
===
हाथकरघा बुनकरों को मिलेंगे नकद पुरस्कार, 30 जून तक करें आवेदन

बीकानेर, 10 जून। राज्य सरकार द्वारा हाथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हर वर्ष की भांति इस वित्तीय वर्ष में भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए जिले की सीमा में कार्यरत हाथकरघा बुनकरों से 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने बताया कि वही बुनकर आवेदन के पात्र होंगे, जो पिछले तीन वर्षों से हाथकरघा बुनाई कार्य कर रहे हैं तथा जिन्हें गत तीन वर्षों में इस पुरस्कार के लिए चयनित नहीं किया गया है।

पात्र हाथकरघा बुनकर अपने उत्पाद सहित आवेदन पत्र 30 जून तक चौपड़ा कटला रानीबाजार स्थित जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय समय में कभी भी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
=======
प्रभारी मंत्री 11 जून को करेंगे बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा
जिला स्तरीय अधिकारियों को अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश

बीकानेर, 10 जून। जिले में बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उनकी प्रगति की समीक्षा के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर की अध्यक्षता में गुरुवार, 11 जून को दोपहर 2:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

एडीएम उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को बजट घोषणाओं की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
=====

जिले में नए आधार एवं बाल आधार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, 25 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

सीईएलसी आधार नामांकन ऑपरेटर हेतु आवेदन आमंत्रित

बीकानेर, 10 जून। जिले में आधार सेवाओं के विस्तार एवं आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चयनित पंचायत समितियों, नगरपालिकाओं तथा नगरीय क्षेत्रों में नए आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन और आधार अद्यतन का कार्य किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन एवं जिला स्तरीय समिति (आधार) के अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह रतनूे ने बताया कि इन केंद्रों के संचालन के लिए सीईएलसी (CELC) आधार नामांकन ऑपरेटरों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से प्रारंभ होकर 25 जुलाई 2026 तक संचालित रहेगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को अपना आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से RAJAADHAR PORTAL पर ऑनलाइन प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त आवेदनों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अपूर्ण अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित आधार केंद्रों पर नामांकन एवं अद्यतन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

रतनू ने बताया कि चयनित ऑपरेटरों को यूआईडीएआई तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार कार्य करना होगा। आधार केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा राशि एवं अन्य शर्तों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में नए बाल आधार केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाजूवाला नगर क्षेत्र के वार्ड 4, बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 7 एवं 18, देशनोक नगर पालिका के वार्ड 1 एवं 13 तथा डूंगरगढ़ नगर क्षेत्र के वार्ड 1, 10, 20, 30 एवं 35 शामिल हैं।

आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, शर्तों एवं आधार केंद्रों की विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा आधार राजस्थान पोर्टल पर उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।
=====
हाथकरघा एवं वस्त्र प्रौद्योगिकी डिप्लोमा में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित

बीकानेर, 10 जून। भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, राधाकृष्णापुरम चौपासनी चौखा रोड, जोधपुर में त्रिवर्षीय (6 सेमेस्टर) हाथकरघा एवं वस्त्र प्रौद्योगिकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 के लिए प्रथम वर्ष तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा ने बताया कि राजस्थान राज्य कोटे के तहत प्रथम वर्ष के लिए 19 तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) के लिए 7 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम 35 प्रतिशत अंकों के साथ माध्यमिक अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है और इसमें अध्ययन का एक विषय अंग्रेजी रहा हो। वहीं द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी को भौतिकी, रसायन एवं गणित विषयों के साथ 10$2 अथवा वोकेशनल स्ट्रीम में टेक्सटाइल विषय सहित 10$2 अथवा 10वीं के बाद दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को 15 से 23 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 25 वर्ष तक निर्धारित की गई है। द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 27 वर्ष निर्धारित है। राज्य सरकार की नीति अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व अन्य पिछडा वर्ग को नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान रहेगा तथा बुनकर समुदाय के अभ्यर्थियों हेतु न्यूनतम 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी।

आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित 17 जून 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, न्यू पावर हाउस रोड, मिनी उद्योग भवन, जोधपुर में जमा करवाने होंगे। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को सरकार द्वारा निर्धारित दर से स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। साथ ही डिप्लोमा उत्तीर्ण विद्यार्थी संबंधित शाखा में इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु भी पात्र होंगे। आवेदन पत्र जिला मुख्यालय स्थित जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी विभागीय वेबसाइट https://industries.rajasthan.gov.in/icom/#/sm/department-order/51779/162/3/2852/0/0/0/0 से प्राप्त की जा सकती है।
===========

पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने की ग्राम पंचायत पांचू की ऑनलाइन जनसुनवाई
सड़क, शिक्षा, पेयजल, राजस्व एवं आवासीय पट्टों से जुड़े प्रकरणों पर दिए आवश्यक निर्देश

बीकानेर, 10 जून। पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित विशेष ऑनलाइन जनसुनवाई में पंचायत समिति पांचू की ग्राम पंचायत पांचू के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रदेश की चयनित ग्राम पंचायतों में आयोजित इस विशेष जनसुनवाई में बीकानेर जिले की ग्राम पंचायत पांचू भी शामिल रही।

पंचायती राज मंत्री श्री दिलावर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा पात्र मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने पांचू से कुम्हारिया तक लगभग छह किलोमीटर सड़क निर्माण कराने, पेयजल समस्या के समाधान के लिए जलकुंड (टैंक) निर्माण कराने, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू में रिक्त व्याख्याता पद भरने, विषय व्याख्याताओं के पद सृजित करने तथा विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष-कक्षों एवं प्रयोगशालाओं के निर्माण की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू के भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का शीघ्र आवंटन करवाने, आबादी भूमि विस्तार प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतु परिवारों के लिए आवासीय पट्टों की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नए राजस्व गांवों के गठन संबंधी लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मांग भी रखी।

इसके अलावा ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र में गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने अथवा सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का मुद्दा भी जनसुनवाई में उठाया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, एसीईओ पंचायती राज श्रीमती प्रियंका तलानिया, कैलाश बिश्नोई, तहसीलदार चंद्रशेखर, पांचू बीडीओ जसवंत बिश्नोई, सीडीपीओ विपुल जोशी, एसीबीईओ भूपेन्द्र सिंह, राजीविका के सुशील कुमार, सहायक अभियंता सानिया सामेजा,पांचू ग्राम पंचायत की प्रशासक श्रीमती हवा देवी, ग्राम सेवक लक्ष्मीनारायण, ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

=============

sesumo school
sjps