बीकानेर के सरकारी समाचार

bikaner govt news बीकानेर के सरकारी समाचार
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026
  • राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जी.आर. मूलचंदानी 28 अक्टूबर को आएंगे बीकानेर

बीकानेर, 21 अक्टूबर। राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष श्री जी.आर. मूलचंदानी 28 अक्टूबर (बुधवार) को रात्रि 9 बजे राजकीय वाहन से बीकानेर पहुंचेंगे। वे रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

मूलचंदानी 29 अक्टूबर (गुरुवार) को प्रातः 10:30 बजे जिला कारागृह का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे खाजूवाला बॉर्डर का भ्रमण करेंगे। वे 30 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे राजकीय वाहन से बीकानेर से प्रस्थान करेंगे।
====
पंचायती राज आम चुनाव : पहले चरण के मतदान के लिए रवाना हुए मतदान दल
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन और पर्यवेक्षक श्री नवनीत कुमार रहे मौजूद

pop ronak
BC opening

बीकानेर, 21 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव के पहले चरण की चार पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों एवं पंच और सरपंच के निर्वाचन के लिए मतदान दल बुधवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय से रवाना हुए।

इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन तथा ऑब्जर्वर नवनीत कुमार सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा बनना प्रत्येक कार्मिक के लिए गर्व का विषय है। कार्मिक इस दायित्व का पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मतदान दल के प्रत्येक कार्मिक को उनके अधिकारों एवं कर्त्तव्यों की जानकारी रहे। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के प्रति भी जागरूक रहें। पांच दिनों की पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान समस्त व्यवस्थाएं चाक चौबंद रहें। किसी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या पर तत्काल उच्चाधिकारियों से संपर्क करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र पर समस्त व्यवस्थाएं की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों और पर्याप्त पुलिस जाब्ते की तैनाती की गई है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर भी नॉर्म्स के अनुसार समस्त प्रबंध किए गए हैं। प्रत्येक मतदाता निष्पक्ष और भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें, यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

इन पदों के लिए होंगे निर्वाचन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में पूगल, छत्तरगढ़ खाजूवाला और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र में जिला परिषद के आठ और पंचायत समिति के 60 सदस्यों के अलावा 112 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के चुनाव होंगे। निर्वाचन के लिए 319 मतदान केंद्रों का निर्धारण करते हुए इतने ही मतदान दलों का गठन किया गया है। प्रत्येक मतदान दल में एक रिटर्निंग अधिकारी, एक पीआरओ तथा चार पीओ सहित कुल छह कार्मिकों को सम्मिलित किया गया है।

यह रहेगी प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गुरुवार प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक पंचायत समिति और जिला परिषद के सदस्यों के लिए निर्वाचन होंगे। वहीं 23 अक्टूबर को संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। 24 अक्टूबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक पंच और सरपंच के चुनाव होंगे। इसके ठीक बाद वहीं मतगणना की जाएगी। अंतिम दिन 25 अक्टूबर को उप सरपंच पद के निर्वाचन की समूची प्रक्रिया होने के बाद मतदान दलों की वापसी होगी। उन्होंने बताया कि पंच और सरपंच के चुनाव मतपत्रों से तथा जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव ईवीएम से होंगे।

इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, सचिव हेमेंद्र नागर, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी पंकज शर्मा, चारों पंचायत समितियां के रिटर्निंग अधिकारी और प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
====
रबी सीजन में उर्वरक आपूर्ति व वितरण पार्दर्शिता के लिए कृषि आदान निरीक्षकों की टीम उतरी फील्ड में, 313 उर्वरक विक्रेताओं का किया सघन निरीक्षण

उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता, किसान रहें निश्चिंत

बीकानेर, 21 अक्टूबर। कृषि विभाग के आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार जिले के समस्त कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा राज एग्री क्यूसी ऐप से उर्वरकों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जाना है।

संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि रबी सीजन में उर्वरक आपूर्ति व वितरण पार्दर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कृषि आदान निरीक्षकों की विभिन्न टीम फील्ड में रही व 313 कृषि आदान विक्रेताओं के यहां उर्वरक के रिकार्ड का सघन निरीक्षण किया। शेष का निरीक्षण कार्य निर्देशानुसार किया जा रहा है।

वर्तमान में रबी सीजन में बुवाई प्रारंभिक अवस्था में है, जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। जिले में यूरिया 11 हजार 559 मै.टन, डीएपी 1899 मै.टन, एसएसपी 4355 मै.टन, एनपीके 1675 मै.टन व एमओपी 587 मै.टन उपलब्ध है। गुण नियंत्रण कार्यक्रम को ओर अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने, निरीक्षण प्रकिया को पारदर्शी बनाने एवं कृषि आदान विकेताओं की रियल टाईम मोनिटरिंग के लिए मोबाइल ऐप विकसित किया गया है।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितता पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे है।

उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है। जिससे किसानों को समय पर गुणवत्ता युक्त उर्वरक मिल सके। उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टेगिंग रोकने के लिए विभाग द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। कृषि आदान विक्रेता स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार विक्रेता के विरूद्ध विभाग द्वारा कठोर कार्यवाही की जाएगी।
===============

 

पंचायती राज आम चुनाव-2026: आब्जर्वर  नवनीत कुमार ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

बीकानेर, 21 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त आब्जर्वर नवनीत कुमार ने बुधवार को सिंथल, मूंडसर एवं रिडमलसर ग्राम पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आदर्श आचार संहिता की पालना की स्थिति का अवलोकन किया।

आब्जर्वर नवनीत कुमार ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, मतदान दलों तथा मतदाताओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, रोशनी, शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप एवं व्हील चेयर, साफ-सफाई एवं छायादार स्थान सहित आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें, जिससे मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित निर्वाचन संपन्न करवाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा करने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए।

आब्जर्वर नवनीत कुमार ने मतदान दिवस पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान लाइजन ऑफिसर डॉ. राम किशोर मेहरा साथ रहे।
=====
राजस्थान में पहली बार पंचायत चुनाव में ‘वोट बारात’ का नवाचार, 630 मीटर लंबी पगड़ी से दिया मतदान जागरूकता का संदेश

दूल्हा-दुल्हन, सैकड़ों साफाधारी बाराती और ढोल-नगाड़ों के बीच निकली वोट बारात; रोझा एवं सहनीवाला पंचायत में मतदाताओं को दिलाई मतदान की शपथ

बीकानेर, 21 अक्टूबर। ज़िला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के आदेशानुसार तथा स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे के दिशा-निर्देशन में पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता के लिए निरंतर विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को ‘वोट बारात’ के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति और पारंपरिक आयोजनों को मतदान जागरूकता से जोड़ा गया। स्वीप सह प्रभारी और पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने बताया कि राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति को लोकतांत्रिक चेतना से जोड़ते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप प्रकोष्ठ एवं पंडित जी फाउंडेशन फॉर कल्चरल हेरिटेज ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में पंचायत चुनाव-2026 में मतदाता जागरूकता के लिए अनूठा नवाचार ‘वोट बारात’ आयोजित किया गया। ग्राम पंचायत रोझा एवं सहनीवाला में आयोजित इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतंत्र में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बिश्नोई ने बताया कि राजस्थानी परंपराओं, रंग-बिरंगे साफों और लोक उत्साह से सजी वोट बारात का उद्देश्य मतदान को केवल एक औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए लोकतंत्र के उत्सव के रूप में जन-जन तक पहुंचाना था। पारंपरिक विवाह समारोह की तर्ज पर आयोजित इस अभियान में दूल्हा-दुल्हन, साफाधारी बाराती और हाथों में मतदान जागरूकता संबंधी स्लोगन लिए प्रतिभागियों ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 630 मीटर लंबी पगड़ी पर मतदान जागरूकता का स्लोगन प्रदर्शित करना रहा। इस पहल के माध्यम से राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पगड़ी को लोकतांत्रिक जागरूकता का माध्यम बनाया गया।वोट बारात पंडित जी फाउंडेशन फॉर कल्चरल हेरिटेज ट्रस्ट के कार्यालय से ढोल-नगाड़ों के साथ रवाना हुई। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे बाराती मुख्य मार्गों से होते हुए रोझा, फूलदेसर एवं सहनीवाला की ओर बढ़े। बारात मुख्य टैक्सी स्टैंड पहुंची, जहां भव्य सभा आयोजित की गई।

सभा में स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके। प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक स्वरूप पंचारिया ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को सकारात्मक ऊर्जा के साथ मतदान महोत्सव का हिस्सा बनते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

स्वीप प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया भाग
कार्यक्रम में स्वीप प्रकोष्ठ के सुधीर कुमार मिश्रा, प्रभात पड़िहार, किरण शर्मा एवं मोहन चोपड़ा सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वरलाल पंचारिया ने की।
=============

खाओसा