बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026
  • टोल प्लाजा के धर्मकांटों पर विशेष निरीक्षण अभियान, अनियमितताएं मिलने पर 56 हजार रुपये का जुर्माना
  • श्रीगंगानगर-बीकानेर राजमार्ग प्राइवेट लिमिटेड के धर्मकांटे असत्यापित पाए जाने पर डिस्प्ले बोर्ड और धर्मकांटे सीज

बीकानेर, 22 अक्टूबर। उपभोक्ताओं एवं वाहन चालकों के हितों की रक्षा के लिए उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम, 2011 के तहत जिले में लगातार दो दिन विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के तहत विधिक माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया के नेतृत्व में गठित विभागीय जांच दल ने जिले में कुल तीन स्थानों पर धर्मकांटों का निरीक्षण किया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी दीपक पूनिया ने बताया कि अभियान के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण से संबंधित टोल प्लाजा के धर्मकांटों (वेब्रिज) का औचक निरीक्षण किया गया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

निरीक्षण के दौरान श्रीगंगानगर-बीकानेर राजमार्ग प्राइवेट लिमिटेड, छतरगढ़ रोड स्थित धर्मकांटे असत्यापित पाए गए। इस पर विभाग द्वारा कुल 56,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, डिस्प्ले बोर्ड सीज करने के साथ धर्मकांटों को भी सीज किया गया।टोल प्लाजा पर स्थापित इन-मोशन धर्मकांटों का सत्यापन नहीं होने से वजन मापन में अनियमितताओं तथा ओवरलोडिंग की स्थिति में अनुचित वसूली की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में टोल प्लाजा प्रबंधन को धर्मकांटों का नियमानुसार सत्यापन करवाने के लिए पाबंद किया गया है।

pop ronak
BC opening

वहीं, खारा टोल प्लाजा एवं बडेरा टोल प्लाजा पर निरीक्षण के दौरान सभी धर्मकांटे विधिवत सत्यापित पाए गए तथा किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करना, वजन मापन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा आमजन एवं वाहन चालकों के हितों का संरक्षण करना है।

पूनिया ने बताया कि विभाग द्वारा आगामी दिनों में ज़िले के सभी टोल प्लाजा एवं निजी धर्मकांटों की नियमित जांच जारी रखी जाएगी। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
=======

  • उर्वरक की जमाखोरी, कालाबाजारी, डायवर्जन और टैगिंग पर रोक लगाने के निर्देश
  • कृषि विभाग के जिला प्रभारी ने अधिकारियों के साथ बैठक में उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा की

बीकानेर, 22 अक्टूबर। कृषि विभाग के जिला प्रभारी एवं संयुक्त निदेशक, कृषि (प्रबोधन एवं मूल्यांकन) भगवान सहाय यादव ने गुरुवार को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के अधिकारियों, उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा थोक उर्वरक विक्रेताओं की बैठक में जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में यादव ने जिले में उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, डायवर्जन तथा टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उर्वरक वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।

श्री यादव ने प्रत्येक उर्वरक विक्रेता के प्रतिष्ठान का नियमित निरीक्षण करने तथा उर्वरकों के नमूने लेने के लिए भी अधिकारियों को पाबंद किया। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को निर्धारित नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में संयुक्त निदेशक मदन लाल, उद्यानिकी उप निदेशक प्रेमाराम, सहायक निदेशक मुख्यालय सुरेंद्र मारू, रघुवर दयाल सुथार, राजूराम डोगीवाल, श्रीमती रुबीना परवीन, श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, कृषि अधिकारी गिरिराज, सोमेश तंवर, श्रीमती कविता गुप्ता, श्रीमती मीनाक्षी पंवार, रामन्ना, जोधराज एवं धनाराम बैरड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उर्वरक कंपनी प्रतिनिधि मनीराम जाखड़ एवं सुमित शर्मा तथा आदान विक्रेता इंद्र तिवाड़ी, निर्मल जैन, सुनील राठी एवं महिपाल चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
==================

  • अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग अध्यक्ष शुक्रवार को आएंगे बीकानेर

बीकानेर, 22 अक्टूबर। राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार नायक शुक्रवार को दोपहर 3 बजे बीकानेर पहुँचेंगे।

वे दोपहर 4 बजे जिला कलेक्टर एवं सायं 4:30 बजे पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक करेंगे। सायं 5:30 बजे वे नापासर में नगर पालिका अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे।

नायक शनिवार को सायं 6:15 बजे राज मंदिर रोड, नंबर 4, इंडस्ट्रियल एरिया रानी बाजार में भाजपा के पूर्व जिला मंत्री श्री सांगीलाल गहलोत के नवीन गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाऊस में करेंगे। नायक रविवार प्रातः 9 बजे बीकानेर से प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे सुजानगढ़ पहुंचेंगे।
=====================

  • जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

बीकानेर, 22 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने गुरुवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए हो रहे निर्वाचन का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सागर और रायसर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थापित आदर्श मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। मतदान दल के कार्मिकों से निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी ली। केंद्र पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से सम्पन्न करें। मतदान दल के कार्मिकों को आपसी समन्वय और नियम सम्मत तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी सुश्री स्वाति शर्मा और प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग साथ रहे।
======

  • बीकानेर पश्चिम में नव मतदाता पंजीकरण की धीमी प्रगति पर 30 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस
  • 23 अक्टूबर तक देना होगा स्पष्टीकरण, प्रगति में सुधार के निर्देश

बीकानेर, 22 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नव मतदाताओं तथा पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बीकानेर पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकरण की धीमी प्रगति पर 30 कमजोर प्रदर्शन वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर) श्रीमती रीना छींपा की अध्यक्षता में इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (तहसीलदार) विवेक चौधरी, नायब तहसीलदार मनोज पुरोहित सहित क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर तथा न्यूनतम प्रगति वाले 30 बीएलओ उपस्थित रहे।

बैठक में 1 से 20 अक्टूबर तक की अवधि में नव मतदाता पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित 30 बीएलओ की लक्ष्य प्राप्ति लगभग 2.63 प्रतिशत से 15.15 प्रतिशत के बीच रही, जो अपेक्षित स्तर से काफी कम है।

निर्वाचक पंजीयन अधिकारी ने 30 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 23 अक्टूबर तक लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पंजीकरण कार्य में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सभी सुपरवाइजर को अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने अथवा पंजीकरण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
======

पंचायत राज आम चुनाव-2026

  • तृतीय चरण की पंचायत समितियों में तीसरे दिन 91 अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किए 92 नाम निर्देशन पत्र

बीकानेर, 22 अक्टूबर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत तृतीय चरण में श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और रिडी पंचायत समितियों के 63 सदस्यों के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया गुरुवार को भी जारी रही।

तीसरे दिन लूणकरणसर में 42 अभ्यर्थियों ने 42, श्रीडूंगरगढ़ में 27 अभ्यर्थियों ने 28 तथा रीडी में 22 अभ्यर्थियों ने 22 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। बुधवार को लूणकरणसर में 28 अभ्यर्थियों ने 29, रीडी में 18 अभ्यर्थियों ने 18 एवं श्री डूंगरगढ़ में 33 अभ्यर्थियों ने 33 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे।

इस प्रकार अब तक लूणकरणसर में 71 अभ्यर्थियों ने 72, रीडी में 41 अभ्यर्थियों ने 41 तथा श्रीडूंगरगढ़ में 62 अभ्यर्थियों ने 63 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं।

नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। इस दौरान प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा तथा अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
======================

खाओसा