बीकानेर के स्काउट-गाइड्स को राज्यपाल ने ‘मेडल ऑफ मेरिट’ और राज्य स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा
बीकानेर के स्काउट-गाइड्स को राज्यपाल ने 'मेडल ऑफ मेरिट' और राज्य स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा


जयपुर/बीकानेर, 11 फ़रवरी । राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के तत्वावधान में बुधवार को जगतपुरा, जयपुर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह बीकानेर के लिए उपलब्धियों भरा रहा। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बीकानेर जिले के स्काउट-गाइड्स, रोवर-रेंजर्स और पदाधिकारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओटाराम देवासी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


बीकानेर के लिए गौरव का क्षण तब आया जब जिले के कब मास्टर रमेश कुमार मोदी को स्काउट-गाइड गतिविधियों में उनके सराहनीय सेवा कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘मेडल ऑफ मेरिट’ अवार्ड से नवाजा गया। सी.ओ. स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित ने जानकारी दी कि सत्र 2025-26 के लिए बीकानेर जिले से रिकॉर्ड संख्या में 155 स्काउट, 105 गाइड, 30 रोवर और 30 रेंजर का चयन राज्यपाल पुरस्कार के लिए किया गया था।


समारोह के दौरान बीकानेर का प्रतिनिधित्व करते हुए एनडी ज्ञानदीप स्कूल के स्काउट ऋषभ स्वामी, आरएसवी स्कूल की गाइड हीरल, राजकीय डूंगर महाविद्यालय के रोवर राजूराम जाट और स्वामी विवेकानंद कॉलेज (सिंथल) की रेंजर प्रिया प्रजापत ने जिले के सभी विजेताओं की ओर से प्रमाण पत्र प्राप्त किए। बीकानेर दल की इस बड़ी सफलता पर सहायक स्टेट कमिश्नर राजेंद्र जोशी, जिला सचिव तरुण कुमार गौड़ और सी.ओ. गाइड मीनाक्षी भाटी सहित समस्त पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। कार्यक्रम में बीकानेर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानों और यूनिट लीडर्स ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
